UP Politics: पूर्व DGP सुलखान सिंह ने बनाई पार्टी, बोले- बुंदेलखंड को अलग राज्य बनाना हमारी प्राथमिकता

UP Politics: यूपी के पूर्व डीजीपी सुलखान सिंह ने बुंदेलखंड राज्य की मांग उठाई है। इसके लिए उन्होंने 'बुंदेलखंड लोकतांत्रिक पार्टी' का गठन भी किया है।

Report :  Anwar Raza
Update: 2023-11-22 01:59 GMT

पूर्व डीजीपी सुलखान सिंह (Social Media)

Banda News: उत्तर प्रदेश के पूर्व डीजीपी सुलखान सिंह (Sulkhan Singh) ने बुंदेलखंड को अलग राज्य बनाने की आवाज उठाई है। इसके लिए उन्होंने बाकायदा 'बुंदेलखंड लोकतांत्रिक पार्टी' (Bundelkhand Loktantrik Party) का गठन किया है। पार्टी गठन के बाद पहली बार जब वो मीडिया से मुखातिब हुए तो उन्होंने क्षेत्र की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। बोले, 'बुंदेलखंड राज्य में 15 जिले शामिल करने की मांग उठाई जाएगी। आगामी चुनावों में इन जिलों से पार्टी के उम्मीदवार भी मैदान में उतरेंगे।'

उत्तर प्रदेश के पूर्व डीजीपी सुलखान सिंह ने बुंदेलखंड राज्य की मांग उठाई है। बुंदेलखंड राज्य निर्माण के लिए उन्होंने 'बुंदेलखंड लोकतांत्रिक पार्टी' का गठन किया है। सुलखान सिंह ने केंद्र और प्रदेश में सत्तासीन बीजेपी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा, केंद्र और प्रदेश में बैठे राजनीतिक दल नहीं चाहते कि बने बुंदेलखंड राज्य बने।

'बुंदेलखंड में रोजगार के अवसर नहीं'

पूर्व डीजीपी सुलखान सिंह बांदा पहुंचे। यहां वो मीडिया से रूबरू हुए। प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा कि, 'आज भी बुंदेलखंड में रोजगार के अवसर नहीं हैं। समय से सिंचाई ना होने की वजह से अन्नदाता की फसलें सूख रहीं हैं। मऊ और मरका पुल का निर्माण शुरू करवाया गया, मगर सत्ता परिवर्तन के बाद यह महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट भी ठंडे बस्ते में चला गया। उन्होंने आगे कहा कि, इस क्षेत्र के विकास के लिए वह सक्रिय राजनीति में उतर रहे हैं। इसके लिए उन्होंने 'बुंदेलखंड लोकतांत्रिक पार्टी' का गठन किया है।

बुंदेलखंड आज भी विकास की राह देख रहा 

उन्होंने कहा, 'गरीबी के चलते बुंदेलखंड के लोग पंजाब और हरियाणा की तरह बड़ा आंदोलन नहीं खड़ा कर सकते। आरोप लगाते हुए कहा, बुंदेलखंड सदैव सरकारों की प्राथमिकता से बाहर रहा। यह क्षेत्र आजादी के 75 साल बाद भी विकास की राह देख रहा है।'

सुलखान सिंह- लोकसभा चुनाव में उतारेंगे प्रत्याशी 

सुलखान सिंह बोले, 'बुंदेलखंड राज्य में वह यूपी के बांदा, चित्रकूट, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर जिले को शामिल करने के लिए प्रयासरत हैं। वहीं, मध्यप्रदेश के दमोह, पन्ना, छतरपुर, दतिया, सागर, टीकमगढ़, निवाड़ी और अशोकनगर को भी शामिल करने की मांग उठाते रहे हैं। उन्होंने ये भी कहा कि, अलग राज्य की मांग पुरजोर तरीके से उठाने के लिए इन जिलों में आगामी समय में होने वाले लोकसभा और विधानसभा चुनाव में अपने प्रत्याशी मैदान में उतारेंगे।'

आपको बता दें, यूपी के पूर्व डीजीपी सुलखान सिंह अपनी ईमानदार छवि के लिए जाने जाते हैं। प्रदेश में अलग पहचान रखने वाले पूर्व डीजीपी सुलखान सिंह बांदा के तिंदवारी थाना अंतर्गत बेन्दा जौहरपुर गांव के रहने वाले हैं।

Tags:    

Similar News