Banda News: मिशन शक्ति अभियान को धार देने के लिए प्रशिक्षित की गईं महिला पुलिसकर्मी, DIG की देखरेख में आयोजित हुई कार्यशाला

Banda News: चित्रकूटधाम रेंज DIG अजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में मिशन शक्ति-5 अभियान के तहत शक्ति कार्यशाला आयोजित की गई। महिला पुलिसकर्मियों को कानूनी प्रावधानों और योजनाओं पर अमल का प्रशिक्षण दिया गया।

Report :  Om Tiwari
Update:2024-10-17 22:03 IST

मिशन शक्ति अभियान को धार देने के लिए प्रशिक्षित की गईं महिला पुलिसकर्मी: Photo- Newstrack

Banda News: पुलिस लाइन में गुरुवार को चित्रकूटधाम रेंज DIG अजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में मिशन शक्ति-5 अभियान के तहत शक्ति कार्यशाला आयोजित की गई। महिला पुलिसकर्मियों को कानूनी प्रावधानों और योजनाओं पर अमल का प्रशिक्षण दिया गया। आत्मरक्षा के गुर भी सिखाए गए। मिशन का प्रभावी संचालन करने वाली महिला पुलिसकर्मी सम्मानित की गईं। कार्यशाला के बाद DIG सिंह और SP अंकुर अग्रवाल ने मिशन शक्ति जागरुकता रैली को हरी झंडी दिखाई। स्कूलों, कालेजों, गांवों, कस्बों, बाजारों एवं धार्मिक स्थलों में महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक करने पर जोर दिया गया।

महिला बीट आरक्षियों को ज्ञान और संसाधनों से लैस करने पर रहा सारा जोर

उत्तर प्रदेश में महिला सुरक्षा एवं सशक्तीकरण पर केंद्रित मिशन शक्ति 5 अभियान को आगे बढ़ाते हुए पुलिस लाइन में आयोजित शक्ति कार्यशाला के दौरान महिला पुलिसकर्मियों विशेषकर महिला बीट आरक्षियों की भूमिका विस्तार से रेखांकित की गई। भूमिका के कुशल निर्वाह के लिए कानूनी प्रावधानों, सरकारी योजनाओं और आपातकालीन हेल्पलाइन सेवाओं से अवगत कराकर आवश्यक ज्ञान और संसाधनों से सशक्त बनाया गया। जिससे अपने-अपने क्षेत्रों में महिलाओं और बालिकाओं को अधिकारों एवं सुरक्षा उपायों के प्रति बेहतर ढंग से जागरूक कर सकें।

कानूनी प्रावधानों और हेल्पलाइन सेवाओं के बेहतर उपयोग की बताई गई बारीकियां

कार्यशाला में घरेलू हिंसा, यौन उत्पीड़न, महिला अधिकार संरक्षण, कार्यस्थल पर महिला उत्पीड़न प्रतिषेध आदि अधिनियमों समेत महत्वपूर्ण कानूनी प्रावधानों खास फोकस रहा। आपातकालीन हेल्पलाइन सेवाओं 1090, 181 और 112 के उपयोग के बाबत भी प्रशिक्षित किया गया। कहा गया, हेल्पलाइन सेवाएं संकट में त्वरित सहायता का महत्वपूर्ण साधन हैं। यह जानकारी महिलाओं बालिकाओं तक प्रभावी ढंग से पहुंचाएं।

जूडो कराटे सिखाकर महिलाओं बालिकाओं को आत्मरक्षा के गुर भी सिखाने की हिदायत

कानूनी प्रावधानों के अलावा महिला पुलिसकर्मियों को आत्मरक्षा के गुर भी सिखाए गए। एसके ताइक्वांडो स्पोर्ट्स एकेडमी प्रशिक्षकों सुमन, मधु और अमित ने जूडो, कराटे आदि का प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षित महिला पुलिसकर्मी महिलाओं और बालिकाओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण भी देंगी। प्रशिक्षण महिलाओं को सुरक्षा के बाबत जागरूक करने के साथ ही उनके आत्मविश्वास में इजाफे का सबब बनेगा।

सेल्फी प्वाइंट के जिक्र के बीच 12 महिला पुलिसकर्मी सम्मानित, ASP भी रहे मौजूद

मिशन शक्ति अभियान का प्रभावी संचालन करने वाली 12 महिला पुलिसकर्मियों को चित्रकूटधाम रेंज के DIG सिंह और SP अग्रवाल ने सम्मानित किया। कार्यशाला के उपरांत दोनों ने मिशन शक्ति जागरुकता रैली को हरी झंडी दिखाई। बताया गया, बांदा पुलिस पहले से शक्ति दीदी अभियान चला रही है। बालिकाएं और छात्राएं बीट महिला पुलिसकर्मी के साथ ली गई सेल्फी अपने सोशल मीडिया एकाउंट्स में लगा रही हैं। अभियान को गति देते हुए शहर में जगह-जगह मिशन शक्ति सेल्फी प्वाइंट्स लगाए जा रहे हैं। कार्यशाला में ASP शिवराज, CO नरैनी और मिशन शक्ति की नोडल आफिसर अंबुजा त्रिवेदी, CO यातायात राजवीर सिंह, प्रतिसार निरीक्षक वेद मणि मिश्र आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। 

Tags:    

Similar News