Dacoit Kusuma Nain: आजीवन कारावास की सजा काट रही दस्यु सुंदरी कुसमा नाइन की मौत, लंबे समय से थीं बीमार
Dacoit Kusuma Nain: इटावा जिला जेल के अधीक्षक कुलदीप सिंह ने बताया कि इटावा जिला जेल में आजीवन कारावास की सजा काट रही महिला डकैत कुसमा नाइन टीबी रोग से ग्रसित थीं।;
kusuma nain
Dacoit Kusuma Nain: इटावा जिला जेल में आजीवन कारावास की सजा काट रही कुख्यात दस्यु सुंदरी रहीं कुसमा नाइन की रविवार को मौत हो गयी। वह काफी दिनों से बीमार चल रही थी। कुसमा नाइन का उपचार एसजीपीआई लखनऊ में चल रहा था। जहां रविवार को इलाज के दौरान कुसमा नाइन ने दम तोड़ दिया।
इटावा जिला जेल के अधीक्षक कुलदीप सिंह ने बताया कि इटावा जिला जेल में आजीवन कारावास की सजा काट रही महिला डकैत कुसमा नाइन टीबी रोग से ग्रसित थीं। एक फरवरी को स्वास्थ्य ज्यादा बिगड़ने पर इटावा मुख्यालय के डॉक्टर भीमराव अंबेडकर राजकीय साहित्य चिकित्सालय में भर्ती कराया गया था।
हालत नाजुक होते देख चिकित्सकों ने महिला डाकू कुसमा नाइन को सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी रेफर कर दिया था। जहां से फिर कुसमा नाइन को एसजीपीजीआई लखनऊ भेजा गया था। जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गयी। महिला डाकू कुसमा नाइन के पार्थिक शरीर को उनके पैतृक गांव जालौन जनपद के सिरसा कालर स्थित टिकरी गांव ले जाया गया। जहां पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
20 साल से जेल में काट रही थी उम्रकैद की सजा
महिला डाकू कुसमा नाइन इटावा जिला कारागार में लगभग 20 वर्षो से आजीवन कारावास की सजा काट रही थी। उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में आतंक का दूसरा नाम बन चुके कुख्यात डकैत रामआसरे उर्फ फक्कड़ बाबा और उसकी सहयोगी रहीं महिला डकैत कुसमा नाइन समेत पूरे गिरोह ने आठ जून 2004 को भिंड जिले के दमोह पुलिस थाने की रावतपुरा चौकी पर समर्पण कर दिया था।
भिंड के तत्कालीन पुलिस अधीक्षक साजिद फरीद शापू के समक्ष गिरोह के सभी सदस्यों ने बिना शर्त आत्मसमर्पण किया था। डकैत रामआसरे उर्फ फक्कड़ बाबा पर उत्तर प्रदेश पुलिस ने एक लाख रुपए और मध्य प्रदेश पुलिस ने 15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया हुआ था।