Bareilly Fire Update: फोम फैक्ट्री में धमाके के साथ आग में 4 मजदूरों की जिंदा जलकर मौत, राहत बचाव कार्य जारी

Bareilly Fire Update: बरेली जनपद फरीदपुर थाना क्षेत्र स्थित अशोका फोम फैक्ट्री में भीषण आग लग गई, जिसमें चार मजदूरों की जिंदा जलकर मौत हो गई।;

Update:2023-05-11 13:25 IST
Bareilly Fire Update (सोशल मीडिया)

Bareilly Fire Update: बरेली जनपद फरीदपुर थाना क्षेत्र स्थित अशोका फोम फैक्ट्री में धमाके के साथ भीषण आग लग गई, जिसमें चार मजदूरों की जिंदा जलकर मौत हो गई। वहीं, कई मजूदर आग में झुलस गए हैं। घायल मजदूरों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घायलों में तीन की हालत ज्यादा गंभीर बताई जा रही है। एक मजदूर अभी भी लापता बताया जा रहा है। सूचना मिलते ही सीएफओ, एफएसओ, सीओ फरीदपुर गौरव सिंह और एसएसपी प्रभाकर चौधरी भी घटनास्थल पर पहुंचे। मौके पर राहत बचाव कार्य जारी है।

Also Read

150 मजदूर फैक्ट्री में कर रहे थे काम

जानकारी के मुताबिक बरेली के फरीदपुर के मेगीवाल गांव में स्थित अशोका पीयू फोम इंडिया प्राइवेट लिमिटेड में बुधवार शाम करीब सात बजे धमाके के बाद भीषण आग लग गई। आग लगने से फैक्ट्री के अंदर भगदड़ मच गई। वहीं, चार मजदूरों की फैक्ट्री में ही जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई, वहीं कई लोग घायल बताए जा रहे हैं, घायलों में तीन मजदूरों की हालत ज्यादा गंभीर बताई जा रही है। हादसे के समय फैक्ट्री में लगभग 150 मजदूर काम कर रहे थे। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 12 गाड़ियों मौके पर पहुंच गई। फायर ब्रिगेड ने कड़ी मेहनत के बाद रात साढ़े नौ बजे आग पर काबू पाया।

दो मृतकों की पहचान हरिगरपुर निवासी अरविंद मिश्रा और सरकड़ा निवासी राकेश के रूप में हुई है। वहीं दो मृतकों की अभी पहचान नहीं हो पाई हैं। जेड़ निवासी बबलू, जितेंद्र और करनपुर निवासी देशराज की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं, फरीदपुर निवासी अनूप अभी भी लापता बताए जा रहे हैं।

सीएम योगी ने हादसे पर जताया दुख

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस हादसे पर दुख जताया। सीएम ने दिवंगत आत्माओं की शांति की कामना करते हुए शोकाकुल परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। इसके अलावा दुर्घटना में घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए जिला प्रशासन के अधिकारियों को युद्ध स्तर पर राहत-बचाव कार्य संचालित करने एवं प्राथमिकता के साथ घायलों के समुचित उपचार हेतु निर्देश दिए।

Tags:    

Similar News