असहमति व विरोध से भाजपा सरकार को है खास एलर्जी: अखिलेश यादव

सपा अध्यक्ष ने गुरुवार को कहा कि शांति पूर्वक धरना देना लोगों का संवैधानिक अधिकार है। अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का उल्लेख तो संविधान की प्रस्तावना में भी है। अभी आजमगढ़ के बिलरियागंज इलाके में जो हुआ उससे उत्तर प्रदेश पुलिस का चेहरा बेनकाब हुआ है।

Update: 2020-02-06 15:54 GMT

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार को असहमति और विरोध से खास एलर्जी है, वह विपक्ष के प्रति असहिष्णुता का प्रदर्शन करती है। उन्होंने सवाल किया कि हर मंच से गोली की बात करने वाले संवैधानिक मूल्यों की बात कब करेंगे?

सपा अध्यक्ष ने गुरुवार को कहा कि शांति पूर्वक धरना देना लोगों का संवैधानिक अधिकार है। अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का उल्लेख तो संविधान की प्रस्तावना में भी है। अभी आजमगढ़ के बिलरियागंज इलाके में जो हुआ उससे उत्तर प्रदेश पुलिस का चेहरा बेनकाब हुआ है। यहां बर्बरता की सभी हदें पुलिस ने पार कर दी हैं।

शांति पूर्वक धरना देना लोगों का संवैधानिक अधिकार: सपा अध्यक्ष

शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन कर रही माता-बहनों पर बेरहमी से लाठीचार्ज करना और पथराव करना किस ट्रेनिंग का हिस्सा है? लखनऊ में भी घंटाघर चैक में शांतिपूर्ण धरना दे रही महिलाओं के साथ भी पुलिस का व्यवहार क्रूरतापूर्ण हैं। धरना देने वाली महिलाओं की गिरफ्तारी और ठण्ड में उनके कम्बल तक छीन लेने की घटनाएं निंदनीय है।

ये भी पढ़ें: RBI का मास्टर स्ट्रोक, रेपो रेट में बिना कटौती के सस्ता होगा होम और कार लोन!

सपा मुखिया ने कहा कि भाजपा सरकार के विरोध में आए लोगों पर प्रशासन द्वारा तरह-तरह के जुल्म ढाए जा रहे हैं। उनके घरों में दबिश डालने, गिरफ्तारी करने के अलावा प्रशासन जुर्माने की नोटिसें जारी कर रहा है। अलीगढ़ में एक हजार लोगों को नोटिसें जारी कर पूछा गया है कि उन पर क्यों न कार्रवाई की जाए? इलाहाबाद, वाराणसी और अन्य कई जनपदों में भी हो रहे विरोध प्रदर्शनों पर इसी तरह उत्पीड़न की कार्यवाहियां हो रही है।

झूठा प्रचारतंत्र खड़ा किया जाना गम्भीर विषय

अखिलेश ने कहा कि शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शनों में महिलाओं की भागीदारी प्रशासन को चुनौती लगती है। इस सम्बंध में प्रशासकीय मशीनरी और भाजपा नेता तरह-तरह की खबरें फैला रहे हैं। झूठी खबरों को फैलाने के लिए झूठा प्रचारतंत्र खड़ा किया जाना गम्भीर विषय है। जनता के बीच भ्रम फैलाकर किसी को दोषी ठहराया जाना न्याय संगत नहीं हो सकता है। मातृशक्ति को अपमानित करके भाजपा को तो कुछ नहीं हासिल होना है।

ये भी पढ़ें: आठ जिलों में ये बड़ा काम करने जा रही है योगी सरकार.. पैसा जारी

Tags:    

Similar News