Agra News: यूपी में फ्री बिजली के वादे के साथ चुनावी समर में उतरेगी 'आप'

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 का घमासान बेहद रोमांचक होने जा रहा है।

Report :  Rahul Singh
Published By :  Raghvendra Prasad Mishra
Update: 2021-07-16 12:58 GMT

आम आदमी पार्टी नेता संजय सिंह (फोटो साभार-सोशल मीडिया)

Agra News: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 का घमासान बेहद रोमांचक होने जा रहा है। चुनाव में धर्म-जाति की राजनीति भी हावी रहेगी। आम आदमी पार्टी भी उत्तर प्रदेश के सियासी गणित में बड़ी हलचल पैदा कर सकती है। आगरा पहुंचे आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने मीडिया से बातचीत करते हुए योगी सरकार पर तीखा हमला बोला। इस दौरान उन्होंने आम आदमी पार्टी की उपलब्धियां भी गिनाई। उन्होंने कहा कि 8 अगस्त तक पार्टी का सदस्यता अभियान चल रहा है। इसके बाद उत्तर प्रदेश की जनता को फ्री बिजली देने के एलान के साथ चुनावी मैदान में उतरा जाएगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता को आसानी से फ्री बिजली दी जा सकती है। आम आदमी पार्टी नेताओं ने इसका पूरा गणित भी समझ लिया है।

योगी सरकार के प्रति जाहिर की नाराजगी

मीडिया से बातचीत के दौरान राज्यसभा सांसद संजय सिंह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि योगी सरकार में उन पर कई मुकदमे लगा दिए गए। लेकिन वह हाथरस कांड और कोरोना संक्रमण काल में उपकरणों की खरीद के सवाल को उठाते रहेंगे। राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उन्हें देशद्रोही कहते हैं।

पेश किया दिल्ली का उदाहरण

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2022 को लेकर कमर कस रही आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह ने मीडिया से बातचीत के दौरान दिल्ली का उदाहरण पेश किया। उन्होंने कहा कि हमने दिल्ली में भी फ्री बिजली देने का एलान किया था। और हमने ऐसा करके दिखाया। उन्होंने कहा कि दिल्ली में स्वास्थ्य, चिकित्सा और शिक्षा व्यवस्था का बेहतर उदाहरण देखने को मिल सकता है।

Tags:    

Similar News