Agra News: बसपा महासचिव ने बिकरू कांड का जिक्र करके योगी सरकार को घेरा

सतीश चंद्र मिश्र ने कहा कि अयोध्या, मथुरा-वृंदावन और काशी में बसपा सरकार के दौरान काफी विकास कार्य कराए गए।

Report :  Praveen Sharma
Published By :  Raghvendra Prasad Mishra
Update: 2021-08-01 16:09 GMT

सम्मेलन के दौरान बसपा महासचिव सतीश चंद्र मिश्र

Agra News: बसपा के राष्ट्रीय महासचिव व राज्यसभा सदस्य सतीश चंद्र मिश्र ने कहा कि अयोध्या, मथुरा-वृंदावन और काशी में बसपा सरकार के दौरान काफी विकास कार्य कराए गए। मगर, भाजपा धर्म के नाम पर लोगों को गुमराह कर रही है। वह खंदारी स्थित आरबीएस कालेज में आयोजित प्रबुद्ध वर्ग विचार गोष्ठी को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इस सरकार में ब्राह्मणों और दलितों पर लगातार अत्याचार हो रहे हैं। सरकार ब्राह्मणों को डरा धमका कर देश से भगाने का प्रयास कर रही है। बिकरू कांड में सरकार का चेहरा उजागर हो गया था।

ब्राह्मण और दलित विरोधी सरकार प्रदेश में चल रही है। पूरे प्रदेश में जगह-जगह ब्राह्मण और दलितों पर अत्याचार हो रहे हैं। बिकरू कांड मामले में तमाम बेगुनाह लोगों को फंसाया गया। न कोई अदालत, न कोई कानून, सीधे गोली मारकर फैसला हुआ। आसपास के इलाकों से प्रतिष्ठित ब्राह्मण थे, उन्हें भी नामजद किया गया। ब्राह्मण समाज में हमेशा बसपा का साथ रहा है, और बसपा ने उन्हें सम्मान देने का काम किया है। आज भी बसपा के वरिष्ठ पदों पर ब्राह्मण हैं। ब्राह्मणों से जुड़े धार्मिक स्थलों का जीर्णोद्धार का काम बसपा सरकार में कराया गया था।

गौरतलब है कि यूपी लोकसभा चुनाव की तैयारियों में सभी राजनीतिक पार्टियां जुट गई हैं। वहीं बसपा ब्राह्मणों को फोकस करके चल रही है। क्योंकि दलितों को वह अपना पारंपरिक वोट मानकर चल रही है। वहीं कांग्रेस भी दलितों को साधने में जुटी हुई है। बसपा के मजबूत होने से पहले दलित कांग्रेस के मजबूत वोटर रहे हैं। कांग्रेस 3 अगस्त से दलित स्वाभिमान यात्रा निकालने की तैयारी कर रही है। वहीं सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव बीजेपी को सत्ता से बेदखल करने के लिए सभी दलों को एक साथ आने का संकेत दिया है। जबकि भाजपा सबको साधने की कोशिश में जुटी हुई है और सुशासन के मुद्दे को लेकर जनता के बीच पहुंचने की तैयारी कर रही है।

Tags:    

Similar News