BulandShahr News : बुलंदशहर में सिलेंडर फटने से मकान जमींदोज, 6 की मौत, कई गंभीर रूप से घायल

BulandShahr News : उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर के सिकंदराबाद में सिलेंडर फटने से जोरदार धमाका हुआ है, जिससे मकान जमींदोज हो गया हे। इस हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई है।

Newstrack :  Network
Update:2024-10-21 22:12 IST

BulandShahr News : उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर के सिकंदराबाद में सिलेंडर फटने से जोरदार धमाका हुआ है, जिससे मकान जमींदोज हो गया है। इस हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई घायल हैं। एसपी सिटी, एसडीएम सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। दमकल विभाग की टीम ने तुरंत रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया है। वहीं, CM योगी ने घटना का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को तत्काल राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने घायलों के समुचित इलाज के लिए भी निर्देश देते हुए शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। 

यह हादसा सिकंदराबाद थाने की आशापुरी कॉलोनी में हुआ है। यहां निवासी रियाजुद्दीन शटरिंग का काम करते हैं, उनके घर में अचानक रात को लगभग आठ बजे सिलिंडर फट गया, जिससे में दाे मंजिला मकान ढह गया है। इस हादसे में परिवार के महिलाएं और बच्चे सहित कई लोग मलबे के नीचे दब गए। यह हादसा इतना भयानक था कि चीख-पुकार मच गई है। स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने तत्काल एंबुलेंस और जेसीबी को बुलाकर राहत बचाव अभियान शुरू कर दिया।

घायलों की हालत गंभीर

इस दौरान देखते ही देखते सैकड़ों लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई है। स्थानीय लोगों की मदद से कई लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि महिला और बच्चे सहित 6 लोगों के शव बरामद किए गए हैं। हालांकि अन्य घायलों की हालत काफी गंभीर बताई जा रही है, उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्थानीय लोगों ने बताया कि हादसा इतना भयानक था कि आसपास के मकान तक धमक सुनाई दी। इस हादसे से लोग इतना घबरा गए कि अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए। 

डीएम ने क्या कहा?

डीएम चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया कि सिलेंडर से धमाका हुआ है। रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस, मेडिकल, नगर पालिका सहित कई टीमें राहत एवं बचाव अभियान में जुटी हुई हैं। उन्होंने बताया कि आठ लोगों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है, जिनकी हालत काफी गंभीर है। उन्होंने बताया कि परिवार 18 से 19 लोग रहते हैं, जिसमें से 10 लोग पूरी तरह से सुरक्षित हैं।

Tags:    

Similar News