Bulandshahr News: शिकारपुर में डॉक्टर से मारपीट, हड़ताल शुरू करते ही आरोपी गिरफ्तार

Bulandshahr News: सुरक्षा और आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर जब डॉक्टर्स द्वारा सांकेतिक OPD सेवाएं बंद कर दी गई तो उसके बाद शिकारपुर पुलिस ऐक्शन में आई और पुलिस ने आरोपी प्रदीप को गिरफ्तार कर लिया है।

Report :  Sandeep Tayal
Update: 2024-08-24 06:20 GMT

मारपीट की घटना सीसीटीवी में कैद (Pic: Newstrack)

Bulandshahr News: बंगाल में महिला डॉक्टर से रेप और मर्डर केस के लेकर पूरे देश में डॉक्टर्स की सुरक्षा और आरोपी पर सख्त कार्रवाई को लेकर हो रहे प्रदर्शन अभी रुके भी नहीं है। इसी बीच यूपी बुलंदशहर में भी सरेआम शिकारपुर के सामुदायिक स्वस्थ केंद्र में तैनात डॉक्टर योगेश आर्य की एक युवक ने पिटाई कर डाली। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

सुरक्षा और आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर जब डॉक्टर्स द्वारा सांकेतिक OPD सेवाएं बंद कर दी गई तो उसके बाद शिकारपुर पुलिस ऐक्शन में आई और पुलिस ने आरोपी प्रदीप को गिरफ्तार कर लिया है। इसके बाद डॉक्टर्स ने OPD सेवाएं बहाल करा दी है।


डॉक्टर को 5 सैकेंड में जड़े 5 थप्पड़, वीडियो वायरल

बुलंदशहर जनपद के शिकारपुर समुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉ.योगेश आर्य सेवारत है। योगेश आर्य ने बताया कि शुक्रवार को EMO के रूप में ड्यूटी लगी थी। अस्पताल की ही लैब टेक्नीशियन रुचि शर्मा को लेकर उनके पति प्रदीप शर्मा इमरजेंसी में आए रुचि शर्मा की तबीयत खराब बताई, जिस पर उनका चिकित्सा परीक्षण कर दवा दी गई। कुछ देर बाद लैब टेक्नीशियन का पति प्रदीप आया और जब डॉक्टर योगेश आर्य अस्पताल परिसर में किसी से फोन पर बात कर रहे थे तभी आरोपी ने आकर डॉ योगेश आर्य पर हमला कर दिया और उनकी पिटाई कर डाली। वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

वाह री शिकारपुर पुलिस.. डॉक्टर के हमलावर को पकड़ा छोड़ा और पकड़ा!

सीएचसी शिकारपुर के कार्यवाहक CMS ने बताया कि मामले की जानकारी शिकारपुर पुलिस को दी तो पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया, लेकिन उसके बाद आरोपी ने थाने में बीमार होने का नाटक किया, जिससे उसे दोबारा सीएससी पर भेज दिया गया, जहां उसने अस्पताल में डॉक्टर योगेश आर्य से दोबारा अभद्रता की और अस्पताल में तोड़फोड़ की। पुलिस ने देर रात आरोपी को फिर छोड़ दिया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिकारपुर के कार्यवाहक चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर के राय ने बताया कि डॉ योगेश आर्य के हमलावर को छोड़ने और डॉक्टरों की सुरक्षा को लेकर डॉक्टर में रोष है, जिसके चलते सीएचसी के स्वास्थ्य कर्मियों ने आज सुबह जैसे ही अस्पताल पर ताला लगाकर ओपीडी सेवाएं कुछ देर के लिए बंद की, तो शिकारपुर पुलिस ने आरोपी को दोबारा पकड़ लिया। जिसके बाद रोगियों को दवाएं दे उपचार किया गया।

गिरफ्तारी के बाद बहाल हुई OPD सेवा

शिकारपुर के सीओ शोभित कुमार ने बताया कि आरोपी प्रदीप पुत्र कौशल किशोर के खिलाफ मामला दर्ज कर उसको गिरफ्तार कर लिया गया है। आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। शिकारपुर सीएचसी के डॉक्टर द्वारा ओपीडी सेवाएं बहाल करा दी गई हैं।



 


Tags:    

Similar News