Bulandshahr: रेत भरी ट्रॉली का पीछा कर रही ग्रेनो पुलिस ने बाइक में मारी टक्कर, घायल मासूम को तड़पता छोड़ भागे पुलिसकर्मी

Bulandshahr News : क्षेत्र में चर्चा है कि हाईवे पर रात में कुछ पुलिसकर्मी अवैध वसूली करते हैं। इसी अवैध वसूली के लिए रेत से भरी ट्रैक्टर ट्राली का पुलिसकर्मी पीछा कर रहे थे, जिसके चलते हादसा हुआ।

Report :  Sandeep Tayal
Update: 2023-11-14 13:45 GMT

प्रतीकात्मक चित्र (Social Media) 

Bulandshahr News: ग्रेटर नोएडा थाने की पुलिस रेत माफियाओं का पीछा करते हुए बुलंदशहर जा पहुंची। रेत से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली पकड़ने के चक्कर में पुलिस जीप ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। घटना में पिता-पुत्र गंभीर घायल हो गए। घायलों को अस्पताल पहुंचाने की बजाय पुलिस वाले जीप छोड़ फरार हो गए। पुलिस जीप की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हुआ 5 साल का मासूम आलीशान अलीगढ़ के एक अस्पताल में जिंदगी के लिए जंग लड़ रहा है।

क्या है मामला?

ये घटना बुलंदशहर जिले की सिकन्दराबाद कोतवाली क्षेत्र का है। गांव तिल बेगमपुर में ये हादसा हुआ। सोमवार देर रात गौतमबुद्ध नगर की दादरी कोतवाली की कोट चौकी पुलिस सरकारी जीप से रेत से भरी ट्रैक्टर ट्राली का पीछा कर रही थी। पीछा करते हुए हुए दादरी की कोट पुलिस बुलंदशहर सीमा में घुस आई। इसी दौरान तिल बेगमपुर में बाइक सवार को टक्कर लग गई। जिससे बाइक सवार 5 साल का मासूम आलीशान गंभीर रूप से घायल हो गया। बाइक चालक मारूफ भी चोटिल हो गया। बताया जाता है हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों के गुस्से को देख पुलिस कर्मी जीप को छोड़ भाग खड़े हुए।

ग्रामीणों ने बच्चे को पहुंचाया अस्पताल 

ग्रामीणों ने घायल बच्चे को प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया जहां से आलीशान को अलीगढ़ के अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। मारूफ ने बताया कि, आलीशान अलीगढ़ के अस्पताल में जिंदगी के लिए जंग लड़ रहा है। हालांकि, मामले की जानकारी पाने के बाद सिकंदराबाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रेटर नोएडा की कोर्ट पुलिस को बुलाकर छोड़ी गई जीप वापस दिलाई। 

अवैध वसूली के चक्कर में हादसा!

क्षेत्र में चर्चा है कि हाईवे पर रात में कुछ पुलिसकर्मी अवैध वसूली करते हैं। इसी अवैध वसूली के लिए रेत से भरी ट्रैक्टर ट्राली का पुलिसकर्मी पीछा कर रहे थे, जिसके चलते हादसा हुआ और पुलिसकर्मियों को गाड़ी छोड़कर भागना पड़ा।

Tags:    

Similar News