Bulandshahr News: निकाह के 2 घंटे बाद ही तलाक-तलाक...

Bulandshahr News: दिल्ली के सीमापुरी इलाके से एक बारात शनिवार को बुलंदशहर जनपद के औरंगाबाद में आई थी। बारात का दुल्हन पक्ष के लोगो ने स्वागत किया, बारात ने दावत भी खाई, मौलाना ने रात 11 बजे दूल्हा - दुल्हन का निकाह भी पढ़ा।

Report :  Sandeep Tayal
Update: 2024-01-29 14:49 GMT

Bulandshahr News (Pic:Social Media)

Bulandshahr News: सरकार ने भले ही मुस्लिम महिलाओं को 3 तलाक से आजादी दिलाने के लिए सख्त कानून बनाया हो, लेकिन आज भी 3 तलाक के मामले जारी है। ऐसा ही एक मामला यूपी के बुलंदशहर जनपद के औरंगाबाद में प्रकाश में आया जहां दूल्हे की चाची से दुल्हन पक्ष के युवक द्वारा कुर्सी मांगने पर विवाद इतना बढ़ गया कि निकाह के बाद दुल्हन पक्ष के लोगों ने दूल्हे सहित बारात को बंधक बना लिया और निकाह के 2 घंटे बाद ही तलाक हो गया। बताया जाता है कि निकाह में खर्च हुई रकम और मेहर वसूलने के बाद ही बारात को बंधन मुक्त किया गया। हालांकि मामलें को लेकर पुलिस ने अनभिज्ञता जताई है और दावा किया है कि शिकायत मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

निकाह के 2 घंटे बाद ही हो गया तलाक

दिल्ली के सीमापुरी इलाके से एक बारात शनिवार को बुलंदशहर जनपद के औरंगाबाद में आई थी। बारात का दुल्हन पक्ष के लोगो ने स्वागत किया, बारात ने दावत भी खाई, मौलाना ने रात 11 बजे दूल्हा - दुल्हन का निकाह भी पढ़ा। दोनो ने एक दूसरे को कबूल है कबूल है बोलकर कबूल भी कर लिया। बताया जाता है कि निकाह के बाद दुल्हन पक्ष के युवक ने दूल्हे की चाची से दुल्हन की दादी के बैठने के लिए कुर्सी मांग ली, जिसको लेकर दूल्हे को चाची ने जमकर बखेड़ा किया। चाची को कुर्सी से उठाने की बात सुनकर दूल्हे के भाईयों और रिश्तेदारों का दुल्हन पक्ष के लोगो से जमकर विवाद हुआ। बताया जाता है कि विवाद इतना बढ़ गया कि दूल्हे ने दुल्हन को दिल्ली पहुंचते ही सबक सिखाने की धमकी दे डाली।

बस फिर क्या था दुल्हन आयरन गर्ल बन गई और दूल्हे के साथ विदा होने से इंकार कर दिया। दुल्हन के इंकार करते ही दुल्हन पक्ष के लोगों ने मैरिज होम के गेट पर ताला जड़ दिया और बारात को बंधक बना लिया। इसके बाद दुल्हन को तलाक देने और निकाह में हुआ खर्च देने की मांग की गई। सूचना पर पूर्व चेयरमैन अख्तर मेवाती मौके पर पहुंचे और दूल्हे पक्ष से समारोह में खर्च हुई रकम चुकाने के लिए कहा। दूल्हे पक्ष ने रकम लौटाने के साथ दुल्हन को तलाक दे दिया। एसपी सिटी शंकर प्रसाद ने बताया कि अभी तक किसी भी पक्ष से शिकायत थाने में नही आई है। कोई शिकायत मिलती है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

Tags:    

Similar News