Chitrakoot: जमीनी विवाद में दो पक्षों के बीच फायरिंग, नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी में जुटी पुलिस

Chitrakoot: राजापुर कस्बे में दो पक्षों के बीच जमीनी विवाद के दौरान हुई फायरिंग में कई हिस्ट्रीसीटर भी शामिल रहे, जिनका नाम दर्ज मुकदमे में भी आया है।

Update: 2022-11-03 13:45 GMT

जमीनी विवाद में दो पक्षों के बीच फायरिंग (photo: social media )

Chitrakoot: राजापुर कस्बे में नगर पंचायत अध्यक्ष के पति व दूसरे पक्ष के बीच जमीनी विवाद के दौरान हुई फायरिंग में कई हिस्ट्रीसीटर भी शामिल रहे, जिनका नाम दर्ज मुकदमे में भी आया है। विवाद की संभावना होने की वजह से जायज के साथ ही नाजायज असलहे लेकर अपराधी मौके पर पहुंचे थे। दोनों पक्ष की तरफ से मुकदमा दर्ज होने के बाद अभी तक पुलिस ने किसी को गिरफ्तार नहीं किया है।

ये है मामला

दो दिन पहले राजापुर कस्बे के तुलसी चौक स्थित यमुना रोड पर जमीन की पैमाइश के दौरान दिन दहाड़े नगर पंचायत अध्यक्ष पति मनोज द्विवेदी व विनोद पांडेय पक्ष के बीच विवाद हुआ था, जिसमें मनोज द्विवेदी पक्ष के लोगों ने विवाद के दौरान मारपीट करते हुए फायरिंग की थी। बवाल को देख पैमाइश करने वाले राजस्वकर्मी व अन्य लोग मौके से भाग खड़े हुए। कस्बे में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। मौके पर पुलिस के पहुंचते ही सभी असलहाधारी भाग निकले थे। इसके बाद पीड़ित पक्ष के विनोद पांडेय ने मनोज द्विवेदी समेत सात नामजद लोगों के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया। बाद में मनोज द्विवेदी ने भी विनोद पांडेय समेत तीन नामजद व एक दर्जन अज्ञात लोगों के खिलाफ मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बताते हैं कि पैमाइश के दौरान विवाद की पहले ही संभावना थी। फलस्वरूप लामबंद लोगों में कई जायज व नाजायज असलहे लेकर पहुंचे थे। इनमें कई सजायाफ्ता हिस्ट्रीशीटर भी शामिल रहे।

गिरफ्तारी न होने से धमका रहे हमलावर दबंग

पीड़ित पक्ष के विनोद पांडेय ने गुरुवार को डीएम व एसपी से मुलाकात कर जानमाल की सुरक्षा के साथ कार्रवाई की गोहार लगाई है। बताया कि मनोज द्विवेदी सरकारी शिक्षक भी है। उनकी जमीन में वह कब्जा करना चाह रहा है। इसी उद्देश्य से उसने पेशेवर अपराधियों को बुलवाया था। इनमें अमरजीत सिंह निवासी सरधुआ व रघुवीर मिश्र राजापुर हिस्ट्रीशीटर है। इन अपराधियों ने विवाद के दौरान फायरिंग की थी। जिससे उसके रिश्तेदार अजय तिवारी की उंगली में छर्रा लगा है। उसे कई चोटें आई है। अजय का इलाज सीएचसी राजापुर में कराया गया है। आरोप लगाया कि फायरिंग करने वाले दबंग है। अभी तक किसी की गिरफ्तारी न होने से दबंग उनको धमकियां दे रहे है। वहीं दूसरी ओर नगर पंचायत अध्यक्ष के पति मनोज द्विवेदी का कहना है कि जमीन की पैमाइश के दौरान बुलाने पर वह गए थे। नोकझोंक हुई है। फायरिंग नहीं की गई है। दूसरे पक्ष के लोगों ने मारपीट किया है।

एसपी को प्रभारी निरीक्षक राजापुर को किया निर्देश

एसपी अतुल शर्मा ने कहा कि उनके पास जन सुनवाई के दौरान एक पक्ष आया था। प्रभारी निरीक्षक राजापुर को निर्देश दिए गए हैं कि नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी की जाए। मामले की जांच कर संबंधित असलहाधारकों के शस्त्र लाइसेंस निरस्त किए जाएं।

Tags:    

Similar News