Chitrakoot News: भगवान राम की तपोभूमि में भाजपा जिलाध्यक्ष पर मंथन, इतने नाम आए सामने

Chitrakoot News: इसी महीने चित्रकूट के लिए भाजपा जिलाध्यक्ष की ताजपोशी होनी है। उनमें चित्रकूट जनपद भी शामिल है। चित्रकूट में इसके लिए पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष बृजबिहारी पर्यवेक्षक के तौर पर एक दिन पहले आए और आरोग्यधाम में ठहरे।

Update: 2023-07-12 12:41 GMT
चित्रकूट के लिए नए भाजपा जिलाध्यक्ष के लिए नामों पर हुआ मंथन: Photo- Newstrack

Chitrakoot News: इसी महीने चित्रकूट के लिए भाजपा जिलाध्यक्ष की ताजपोशी होनी है। जिसको लेकर सरगर्मियां तेजी पर हैं। जिन जनपदों में बदलाव होना है, उनमें चित्रकूट जनपद भी शामिल है। ऐसे जनपदों में पार्टी हाईकमान ने कार्यकर्ताओं का मन्तव्य जानने के लिए पर्यवेक्षक भेजे हैं। चित्रकूट में इसके लिए पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष बृजबिहारी पर्यवेक्षक के तौर पर एक दिन पहले आए और आरोग्यधाम में ठहरे। यहीं पर उन्होंने करीब 400 कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर सुझाव लिया।

करीबियों को कुर्सी दिलाने की जुगत में भाजपाई दिग्गज

भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष बृजबिहारी बतौर पर्यवेक्षक धर्मनगरी के आरोग्यधाम में मंगलवार को पार्टी कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों से मिले। उनको हाईकमान ने पार्टी जिलाध्यक्ष के चयन को लेकर कार्यकर्ताओं का मंतव्य जानने व सुझाव लेने के लिए भेजा है। वह कार्यकर्ताओं से मिलने के बाद अपनी रिपोर्ट हाईकमान के समक्ष रखेंगे। बताते हैं कि जिलाध्यक्ष के लिए उनके सामने करीब 32 नाम आए। जिनमें कई पूर्व जिलाध्यक्ष, मौजूदा जनप्रतिनिधियों के अलावा कुछ जिले की भाजपाई राजनीति के दिग्गजों के करीबी भी हैं। जिनकी जिलाध्यक्ष में ताजपोशी कराने के लिए दिग्गज अपना जोर लगा रहे हैं।

लोकसभा चुनाव के टिकट की आस

जिले के भाजपाई दिग्गजों को आगामी लोकसभा चुनाव में टिकट की लाइन से जोड़कर देखा जा रहा है। उनकी मंशा है कि अगर जिलाध्यक्ष खुद के खेमे का रहेगा तो टिकट के लिए सिफारिश उनके पक्ष में ही होगी। सूत्रों की मानें तो जिलाध्यक्ष की लाइन में लगे चिन्हित चेहरों ने खुद के पक्ष में मजबूत समर्थन दिखाने के लिए पर्यवेक्षक के सामने अपने लोगों को पार्टी का कार्यकर्ता बताकर पेश कराया है। ऐसे लोगों ने पर्यवेक्षक के सामने उनके कसीदे पेश किए है। फिलहाल भाजपा जिलाध्यक्ष की ताजपोशी के लिए जिले की सियासत गरमाई हुई है। सूत्र बताते हैं कि कार्यकर्ताओं के मंतव्य व सुझाव लेने के बाद पर्यवेक्षक अब आगामी लोकसभा चुनाव में पार्टी के हित में फायदेमंद नजर आने वाले चेहरों की सूची तैयार कर हाईकमान के समक्ष प्रस्तुत करेंगे। जिनमें हाईकमान अपने स्तर से चयन करेगा।

वरिष्ठ नेताओं व जनप्रतिनिधियों से की मुलाकात

पर्यवेक्षक के तौर पर आए प्रदेश उपाध्यक्ष कार्यकर्ताओं से मुलाकात के बाद पार्टी के वरिष्ठ नेताओं व जनप्रतिनिधियों से उनके घर पहुंचकर मिले है। बताते हैं कि वह पूर्व सांसद भैरों प्रसाद मिश्र, पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष रंजना उपाध्याय, सांसद आरके सिंह पटेल व पूर्व मंत्री चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय से उनके घरों में मुलाकात की है। माना जा रहा है कि इन सभी से पर्यवेक्षक ने जिलाध्यक्ष के लिए सामने आए नामों पर मंथन भी किया है।

Tags:    

Similar News