IMPACT: पान सिंह तोमर बनने की धमकी देने वाले फौजी को मिलेगा न्‍याय, DM ने दिए जांच के आदेश

Update: 2016-10-13 16:39 GMT

शाहजहांपुर: यूपी पुलिस से नाराज फौजी को न्याय मिलने की उम्मीद जगी है। newstrack की खबर का एक बार फिर बड़ा असर हुआ है। पिछले आठ दिनों से पुलिस अधिकारियों के चक्कर काट रहे फौजी उमेश सिंह को न्याय मिलने की आस दिखने लगी है। राजस्थान बॉर्डर पर तैनात फौजी उमेश सिंह ने यूपी पुलिस को पानसिंह तोमर बनने की धमकी दी थी। घर में पड़ी लाखों की डकैती से नाराज फौजी का आरोप था कि पुलिस खुलासा करने की बजाए उसे बेइज्जत कर रही है। फौजी का कहना था कि अगर वो पानसिंह तोमर बना तो उसके लिए यूपी पुलिस जिम्मेदार होगी।

यह भी पढ़ें... नाराज फौजी ने दी UP पुलिस को धमकी, कहा- नौकरी छोड़ बन जाऊंंगा पान सिंह तोमर

शाहजहांपुर के डीएम राम गणेश ने newstrack की खबर का संज्ञान लेते हुए फौजी के घर पर पड़ी डकैती का जल्द से जल्द खुलासा करने के लिए एसपी मनोज कुमार को आदेश दिया है। डीएम ने फौजी से बदसलूकी वाले मामले पर भी संज्ञान लिया है। उनका कहना है कि इस मामले में एसपी की जांच कराई जाएगी। जांच की रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी चूंकि सीएम का आदेश है कि यूपी में रहने वाले किसी भी फौजी से कोई भी बदसलूकी नहीं कर सकता।

डीएम ने और क्‍या कहा

डीएम रामगणेश ने कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के सख्त निर्देश हैं कि प्रदेश में किसी भी सैनिक या पूर्व सैनिक की किसी भी समस्या का प्राथमिकता से निराकरण करवाया जाय। सैनिक उमेश सिंह के परिजनों के साथ जो घटना हुई है उसमें किसी तरह की कोइ भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

क्या था पूरा मामला

-थाना सिंधौली कस्बे के रहने वाले सैनिक उमेश सिंह के मां-बाप विजय सिंह यहां अकेले रहते हैं।

-फौजी उमेश ने बताया कि 5 अक्टूबर 2016 की रात हथियारबंद डकैतों ने घर में घुसकर उसकेे परिवार को बंधक बनाकर लगभग पांच लाख के जेबर और नकदी लूट ली थी।

-साथ ही डकैत उसकी लाईसेन्सी बंदूक भी अपने साथ लूटकर ले गए थे।

-बॉर्डर पर तैनात फौजी को जैसे ही डकैती की खबर मिली तो वो छुट्टी लेकर घर पहुंचा।

-अपने मां बाप से घर में पड़ी डकैती के बारे में जानकारी ली।

-इसके बाद लोगों की मदद से फौजी उमेश ने डकैती की मुखबिरी करने वाले युवक सहित तीन लोगों को पकड़कर पुलिस को सौंपा।

-लेकिन पुलिस ने सपा नेता के फोन पर ही तीनों आरोपियों को थाने से छोड़ दिया।

-इसके बाद जब ये फौजी एसपी के पास मदद की गुहार लगाने के लिए गया तो एसपी ने कोई कार्यवाही करने के बजाए फौजी को जमकर बेइज्जत किया।

-पुलिस की बेज्जती से नाराज फौजी ने फैसला किया है कि वो फौज की नौकरी छोड़कर पान सिंह तोमर बनकर डकैतों को अपने ढंग से सजा देगा।

-फौजी उमेश सिंह का कहना है कि उसने कई बार सीमा पर आतंकियों को ढेर किया और दुश्मनों को मुंह की खिलाई है।

-लेकिन वो अपने ही देश में पुलिस और नेताओं के सामने हार गया है।

-यहां पुलिस नेताओं के दबाव में अपराधियों को छोड़ रही हैं।

-उमेश की माने तो उसके घर पङी डकैती के बाद पुलिस ने कोई कार्यवाही नहीं की।

-इसकी शिकायत जब फौजी ने एसपी मनोज कुमार से की एसपी ने उसको ही डिस्पलिन सिखाते हुए बेइज्जत किया।

Tags:    

Similar News