दर्दनाकः कन्नौज में कुत्तों ने नोच-नोचकर ली 8 साल के बच्चे की जान

Kannauj News: पिता देर रात शराब के नशे में घर पहुंचा और बच्चों के साथ मारपीट करने लगा। इसी के डर से उसका 8 साल का बेटा प्रिंस घर से भाग गया। देर रात तक जब वो घर नहीं लौटा, तो मां पिंकी ने आस-पड़ोस में तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा।

Update: 2023-04-26 22:07 GMT
कुत्तों ने ली 8 साल के बच्चे की जान (Pic: Newstrack)

Kannauj News: जिले में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। जिसमें एक 8 साल के मासूम बच्चे को आवारा कुत्तों ने नोच-नोचकर मार डाला। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है तो वहीं जानकारी होते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। बताते चलें कि बुधवार सुबह परिजनों को 8 साल के प्रिंस का शव घर से लगभग एक किलो मीटर की दूरी पर स्थित बिजली पॉवर हाउस के पास क्षत-विक्षत हालत में मिला। शव के आसपास कुत्तों का जमघट लगा था। लोगों ने मामले की जानकारी परिजनों के साथ पुलिस को भी दी। मौके पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच पड़ताल करने में जुट गई।

शराबी पिता की बजह से गई जान

कन्नौज-मकरंदनगर रोड पर एसबीएस इंटर कॉलेज के पीछे कांशीराम कॉलोनी है। यहां ओमकार परिवार के साथ रहता है। जो नशे का आदी है। वह मंगलवार देर रात घर पर शराब के नशे में पहुंचा और बच्चों के साथ मारपीट करने लगा। इसी के डर से उसका 8 साल का बेटा प्रिंस घर से भाग गया। देर रात तक जब वो घर नहीं लौटा, तो मां पिंकी ने आस-पड़ोस में तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। कांशीराम कॉलोनी और उसके आसपास क्षेत्र में प्रिंस की तलाश की गई, लेकिन कुछ पता नहीं चला। जिसके बाद बुधवार सुबह मकरंदनगर में बिजली पॉवर हाउस के पास कुत्तों का झुंड शव को नोचते हुए नजर आया। जब परिजन मौके पर पहुंचे तो वहां प्रिंस की डेडबॉडी पड़ी हुई मिली। जिसके बाद परिजनों में कोहराम मच गया।

आवारा कुत्तों ने किया था हमला

8 वर्षीय प्रिंस अपने शराबी पिता के झगड़े से भयभीत था और वह अपनी पिटाई के डर से मंगलवार देर रात घर से भाग निकला। इसी दौरान आवारा कुत्तों ने उस पर हमला कर दिया। जिससे उसकी मौत हो गई।

कालोनी के समीप बने कब्रिस्तान में घूमता है आवारा कुत्तों का झुंड

कांशीराम कॉलोनी के रहने वाले लोगों के लिए कॉलोनी के पास ही बने कब्रिस्तान से ज्यादातर खतरा बना हुआ है। यहाँ रात को सन्नाटा छा जाता है और रात के अंधेरे में जानवरों और आवारा कुत्तों की आवाजें सुनाई पड़ती हैं। जो मांस की बदबू सूंघते हैं और मौका मिलते ही हमला कर देते हैं। खासकर आवारा कुत्तों के झुंड बच्चों के लिए खतरा बन गए हैं। प्रिंस के पिता ने बताया कि देर रात प्रिंस को चारों तरफ ढूंढा गया लेकिन जब वह नहीं मिला तो उन्हें अंदेशा हुआ और वह कब्रिस्तान की तरफ गए। जहां पर उसका शव मिला। उसके शव के आसपास कुत्तों का झुंड मंडरा रहा था।

8 साल के प्रिंस का शव मिलने की सूचना पर पुलिस घटना स्थल पर पहुंची। मौके पर जांच-पड़ताल करते हुए कोतवाली प्रभारी राजकुमार सिंह ने बताया कि बच्चे की डेडबॉडी को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पूरे मामले की जांच की जा रहीं है। प्रथम दृष्टया जांच में मामला कुत्तों के हमले से हुई मौत का बताया जा रहा है। आगे की कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।

Tags:    

Similar News