UP: चुनावी मंच से CM योगी का सपा-कांग्रेस पर वार, बोले- इनकी सरकार में आतंकी विस्फोट होता था

CM Yogi in Firozabad: आज यूपी के फिरोजाबाद में सीएम योगी ने चुनावी जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने चुनावी मंच से विपक्षी पार्टियों पर जमकर निशाना साधा।

Report :  Aniket Gupta
Update: 2024-04-27 11:53 GMT

सीएम योगी आदित्यनाथ (Image Source- सोशल मीडिया)

CM Yogi in Firozabad: यूपी की आठ सीटों पर लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण का मतदान बीते दिन यानी 26 अप्रैल को समाप्त हुआ। तमाम राजनीतिक दलों ने अब तीसरे चरण के मतदान को लेकर चुनाव प्रचार में जान फूंक दी है। बीजेपी की तरफ से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पार्टी का स्टार प्रचारक बनाया गया है। चुनाव के मद्देनजर सीएम योगी लगातार अलग-अलग राज्यों में जाकर चुनावी रैलियों को संबोधित कर रहे हैं। इसी क्रम में आज सीएम योगी ने फिरोजाबाद में चुनावी जनसभा को संबोधित किया, जहां उन्होंने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि नया भारत केवल राम मंदिर नहीं बनाता है, बल्कि आतंकवादियों का राम नाम सत्य भी करता है। यह पाकिस्तान को अच्छी तरह मालूम है।

सपा सरकार में एक ही परिवार की लूट थी: सीएम योगी

फिरोजाबाद में जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि, जब आतंकियों ने अयोध्या और वाराणसी में हमला किया था। सपा ने उन आतंकवादियों का मुकदमा वापस लेने की कोशिश की थी। उन्होंने कहा, समाजवादी पार्टी विकास के काम में डकैती डालती थी। सपा की सरकार में एक ही परिवार लूट मचाते थे। जब कांग्रेस की सरकार थी तब देश में आतंकी विस्फोट होता था। सीएम योगी ने आगे कहा, वहीं आज की बीजेपी सरकार में अगर पटाखा भी फट जाता है तो पाकिस्तान के तरफ से सफाई आती है कि इसमें मेरा कोई हाथ नहीं है। पाकिस्तान अब घुसपैठ नहीं करता है।

कांग्रेस देश की संपत्ति को बांटना चाहती है- सीएम योगी

मुख्यमंत्री योगी ने सपा पर तंज कसते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी बेकार का चुनाव लड़ रही है। समाजवादी पार्टी 63 सीटों पर चुनाव लड़ रही है, क्या यह पार्टी केन्द्र में सरकार बना पाएगी? आज कांग्रेस देश की संपति को घुसपैठियों, रोहिंग्यों और बांग्लादेशियों में बांटना चाहती है। ये लोग देश का तालिबानीकरण करना चाहते हैं। कांग्रेस भी इस देश में पूरे सीट पर चुनाव नहीं लड़ रही है।

कांग्रेस पर जमकर साधा निशाना

मुख्यमंत्री योगी ने अपने संबोधन में कांग्रेस पर भी जमकर निशाना साधा। सीएम ने कहा कि कांग्रेस का डीएनए भारतीयता को पसंद नहीं करता है। साथ ही ये लोग गोकशी को छूट देना चाहती है। सपा वाले माफियाओं के लिए फातिहा पढ़ते हैं। उन्होंने कहा कि सपाईयों को फातिहा पढ़ने के लिए पांच साल और दे दीजिये और हम लोगों को विकास करने दीजिये। आज विपक्ष की तरफ से प्रभू श्रीराम के अस्तित्व पर सवाल खड़े किए जा रहा है। हम लोग काशी और अयोध्या के बाद अब कृष्ण की नगरी मथुरा की ओर जा रहे है। अब कुछ लोग भगवान श्रीकृष्ण के अस्तित्व पर भी सवाल उठाते है।

7 मई को डाले जाएंगे वोट

सीएम योगी ने कहा कि समाजवादी पार्टी और मायावती की सरकार में किसान आत्महत्या करता था। आज किसानों को सम्मान निधि योजना का लाभ मिल रहा है। बता दें, फिरोजाबाद लोकसभा सीट पर तीसरे चरण के तहत 7 मई को वोटिंग है। इस सीट से भाजपा ने ठाकुर विश्वदीप सिंह को चुनावी मैदान में उतारा है। वहीं सपा ने अक्षय यादव को टिकट दिया है। साथ ही बसपा ने चौधरी बसीर को अपना उम्मीदवार बनाया है। इस सीट पर इस बार त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिल सकता है।

Tags:    

Similar News