Firozabad News: चंद्रयान-3 की लांचिंग का फिरोजाबाद कनेक्शन, जिले के ये वैज्ञानिक हैं शामिल, किया नाम रोशन

Firozabad News: टीकरी के किसान शंभूदयाल के बड़े बेटे धर्मेंद्र शुरू से ही मेधावी रहे। उनके स्वजनों ने टीवी पर चंद्रयान-3 की उड़ान के इस ऐतिहासिक पल को देखा। शुक्रवार को गांव में खुशी का माहौल रहा।

Update: 2023-08-22 16:15 GMT
Firozabad connection of Chandrayaan 3

Firozabad News: जिले की टूंडला तहसील के रहने वाले एक वैज्ञानिक चंद्रयान की लांचिंग टीम में शामिल हैं। यानी चंद्रयान-3 की उड़ान में फिरोजाबाद का भी अहम योगदान है। चंद्रयान की लांचिंग टीम में गांव टीकरी तहसील टूंडला के धर्मेंद्र प्रताप यादव शामिल हैं। वह इसरो में वरिष्ठ विज्ञानी के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

गांव में खुशी का माहौल

टीकरी के किसान शंभूदयाल के बड़े बेटे धर्मेंद्र शुरू से ही मेधावी रहे। उनके स्वजनों ने टीवी पर चंद्रयान-3 की उड़ान के इस ऐतिहासिक पल को देखा। शुक्रवार को गांव में खुशी का माहौल रहा।

पंजाब से किया एमटेक

फिरोजाबाद के धर्मेंद्र प्रताप यादव ने बृजराज सिंह इंटर कालेज से 12वीं तक की पढ़ाई करने के बाद उन्होंने मथुरा के हिंदुस्तान कालेज से बीटेक और एनआइटी जालंधर पंजाब से एमटेक किया था। इसके बाद इसरो में वर्ष 2011 में विज्ञानी के पद पर नियुक्ति पाने में सफल हुए। एनआइटी जालंधर से एमटेक कर रहे उनके छोटे भाई उपेंद्र यादव ने बताया कि बड़े भाई धर्मेंद्र सैटेलाइट ट्रैकिंग टीम में अपनी भूमिका निभा रहे हैं। लांचिंग के बाद उन्होंने उपेंद्र से फोन पर बात भी की थी। वह बहुत उत्साहित हैं। सुबह भी उन्होंने पापा और मम्मी से बात की थी।

मां को है अपने बेटे पर गर्व

गांव टीकरी पहुंच कर देखा तो पूरा परिवार टीवी के सामने बैठा था। सभी बहुत खुश थे। मां कमला देवी ने कहा कि उनका बेटा देश के लिए काम कर रहा है। इससे गौरव की बात और क्या होगी। धर्मेंद्र अपनी पत्नी और पांच साल की बेटी के साथ बेंगलुरू में रहते हैं। दीपावली पर गांव आए थे।

धर्मेंद्र बोले पूरे देश के लिए गौरव की बात

धर्मेंद्र ने फोन पर हुई बातचीत में कहा कि चंद्रयान-3 की लांचिंग पूरे देश के लिए गौरव की बात है। धर्मेंद्र प्रताप सिंह यादव निवासी गांव टीकरी टूंडला तहसील क्षेत्र के हैं और इसरो बैंगलुरू में वरिष्ठ विज्ञानी हैं। उन्होंने एनआईटी जलंधर पंजाब से एमटेक किया है। वह दो भाई हैं। जिसमें सबसे बड़े धर्मेंद्र व छोटे उपेंद्र यादव हैं। उपेंद्र भी एनआईटी जलंधर पंजाब से एमटेक कर रहे हैं। बहन दीपिका यादव की शादी हो चुकी है। पिता शंभुदयाल यादव किसान का कार्य करते हैं। मां कमला देवी घर परिवार संभालने वाली गृहणी हैं।

Tags:    

Similar News