Firozabad News: 10 लाख की लूट का खुलासा, रिमांड पर बदमाशों से नकदी और बाइक बरामद

Firozabad News: सिरसागंज पुलिस ने दो आरोपियों से 1.79 लाख रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद की, अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस टीम।

Update:2026-08-08 22:18 IST

10 लाख की लूट का खुलासा, रिमांड पर बदमाशों से नकदी और बाइक बरामद (Photo- Newstrack)

Firozabad News: फ़िरोज़ाबाद में थाना सिरसागंज पुलिस ने बीते 27 अप्रैल को अध्यापक नगर चौड़ी सड़क पर बीज व्यापारी के नौकर से हुई करीब 10 लाख रुपये की लूट का पर्दाफाश करते हुए बड़ी बरामदगी की है। पुलिस ने रिमांड पर लिए गए दो शातिर आरोपियों की निशानदेही पर 1,79,500 रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त स्प्लेंडर बाइक बरामद की है।

पुलिस के अनुसार लूट की घटना में शामिल सुनील निवासी हापुड़ और मुकेश सैनी निवासी हरियाणा को रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान आरोपी सुनील की निशानदेही पर हैवतपुर तालाब के पास से घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की गई, जबकि 1,79,500 रुपये की नकदी ग्रेटर नोएडा क्षेत्र से बरामद हुई।

दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले भी कई मामले दर्ज

बताया गया है कि दोनों आरोपियों का लंबा आपराधिक इतिहास है और इनके खिलाफ पूर्व में भी कई मामले दर्ज हैं। करीब 10 लाख रुपये की लूट की वारदात के बाद पुलिस की कई टीमें लगातार बदमाशों की तलाश में जुटी थीं। रिमांड के दौरान हुई पूछताछ और बरामदगी को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

पुलिस अब लूट की वारदात में शामिल अन्य आरोपियों और साथियों तक पहुंचने के प्रयास में जुटी है। इनके रिमांड और संभावित बरामदगी के लिए भी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूरे गिरोह की भूमिका की जांच की जा रही है और जल्द ही मामले में और खुलासे हो सकते हैं।

Tags:    

Similar News