नोएडा में बिल्डिंग की शटरिंग गिरने से चार की मौत

Update:2018-10-07 17:27 IST

नोएडा: दिल्ली से सटे नोएडा के सेक्टर 94 में कैपिटल सिटी बीपीटीपी बिल्डिंग की शटरिंग गिरने से कई मजदूर मलबे के नीचे दब गए। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई जबकि छह अन्य लोग घायल हो गए। घायलों में दो लोगों की हालत नाजुक बताई जा रही है। उनका इलाज जारी है।

पुलिस उपाधीक्षक (नगर) अवनीश कुमार ने बताया कि सेक्टर 39 थाना क्षेत्र के सेक्टर 94 में बीपीटीपी बिल्डर्स एक हाईराइज बिल्डिंग बना रहे हैं। रविवार सुबह करीब 10 बजे इमारत के निर्माण में लगाई गई लोहे की शटरिंग अचानक गिर गई। घटना में वहां खड़े 10 मजदूर मलबे में दब गए।

कुमार ने बताया कि मौके पर पहुंचे पुलिस दल ने शटरिंग के नीचे दबे हुए 10 मजदूरों अशोक, विजयपाल, महेश, अजय, शादाब, नौशाद, करण, नसरुल, राम जय कुमार और चक्रधारी को बाहर निकाला। इन सभी को नोएडा और दिल्ली के विभिन्न अस्पतालों में ले जाया गया।

इलाज के दौरान राम विजय कुमार निवासी सिमरी बिहार, विजय पाल निवासी बदायू, करन निवासी बरेली व नौशाद ग्रेटरनोएडा के जलपुरा की मौत हो गई। अन्य घायलों में से दो की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। पहली नजर में मामला बिल्डर की लापरवाही का लग रहा है। अधिकारी ने कहा, इस संबंध में मृतकों के परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।

ये भी पढ़ें...अब हर महीने नोएडा प्राधिकरण डीएमआरसी को देगा 75 करोड़, जानिए वजह

19वें फ्लोर के लगा रहे थे शटरिंग

मजदूर बिल्डिंग के 19वें फ्लोर की शटरिंग लगाने का काम कर रहे थे। इस दौरान शटरिंग अचानक गिर गई। वह 18वें फ्लोर पर मलबे में दब गए। अधिकांश मलबा नीच आकर गिरा। गनीमत थी कि नीचे मजदूर नहीं थे।

शाहबेरी में हुए हादसे में नौ की गई थी जान

बता दें कि इससे पहले ग्रेटर नोएडा के शाहबेरी गांव में बारिश के दौरान 2 इमारतें ताश के पत्तों की तरह बिखर गयीं थीं. जिसके मलबे में दब कर 9 लोगों की जिंदगियां काल के गाल में समा गयीं थीं। हादसे के बाद प्रशासन ने अवैध निमार्णों के खिलाफ बड़ी कार्यवाही का आश्वासन दिया था और कई लोगों को गिरफ्तार किया गया था।

परिजनों ने उठाई मुआवजे की मांग

मृतक मजदूरों के परिजनों ने मुआवजे की मांग की है। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। उन्होंने बताया कि उनके घर में पालन पोषण करने वाले सिर्फ यही लोग ही थे। ऐसे में वह कहा जाएंगे। बिल्डर ने उनकी जिंदगी उनसे छीन ली। साथ ही बिल्डर के खिलाफ कार्यवाही की जाए।

ये भी पढ़ें...खुशखबरी: अब जल्‍द सच होगा नोएडा में अपने घर का सपना, प्राधिकरण ने जारी किए प्रमाण पत्र

 

 

Tags:    

Similar News