Health News: पोषक तत्वों का भंडार है हाथी फल, इसके सेवन से शरीर की कई समस्याएं हो सकती हैं दूर

गले, किडनी और आंखों के लिए है सेहतमंद, पाचन को रखता है दुरुस्त, डिप्रेशन को दूर करने में भी है प्रभावी

Update:2023-02-26 14:32 IST

Lucknow News, Elephant Fruit

Health News: हाथी फल में पोषक तत्व काफी मात्रा में पाए जाते हैं। हाथियों के पसंदीदा फलों में से एक होने के कारण इसे हाथी सेब के नाम से जाना जाता है और इसी हाथी फल भी कहा जाता है। यह एक जंगली सेब है, जो भारत, बांग्लादेश, श्रीलंका और दक्षिण पूर्व एशिया के अन्य हिस्सों में पाया जाता है। इस फल को चल्टा के नाम से भी जाना जाता है।

दिखने में यह फल हरे पीले रंग के छोटे नारियल जैसा होता है और इसकी उपरी परत काफी सख्त होती है। इसके गुदे को खाने में उपयोग किया जाता है। यह स्वाद में खट्टा और हल्का मीठा होता है। इस फल की सबसे खास बात यह है कि यह कई पोषक तत्वों से भरपूर होता है। इसमें विटामिन ए, विटामिन सी, विटामिन ई और फाइटोन्यूटिएंट्स जैसे पोषक तत्व मौजूद होते हैं। यही नहीं इसमें एंटी-बैक्टीरियल और एंटीआॅक्सीडेंट गुण भी पाए जाते हैं। हेल्थ के लिए इसका सेवन काफी फायेमंद होता है। इसे खाने से शरीर की कई परेशानियोें को दूर किया जा सकता है। यहां पर हम आपको बताने जा रहे हैं कि इस फल के सेवन से क्या-क्या फायदें हैं-

गले में है खराश से मिलेगी राहत

इस फल में एंटी-बैक्टीरियल और एंटी आॅक्सिडेंट गुण मौजूद होते हैं। जो गले और सांस से संबंधित समस्यों को दूर करने में मदद करते हैं। इसमें डीकाॅन्गेस्टेंट गुण भी होते हैं। जो गले में जमा कफ को बाहर निकालने में मदद करते हैं।

किडनी को रखता है स्वस्थ

हाथी फल में मौजूद एंटी आॅक्सिडेंट्स किडनी के कामकाज को बेहतर बनाने में मदद करते हैं। इसके सेवन से शरीर में जमे टाॅक्सिन्स बाहर निकालने में मदद मिलती है। यह बाॅडी को डिटाॅक्स करने में काफी प्रभावी होता है। इसके सेवन से किडनी से जुड़ा जोखिम कम होता है।

पाचन को रखता है दुरुस्त

हाथी फल की छाल के अर्क में टैनिन होता है, जो पाचन संबंधी समस्याओं को दूर करने में काफी कारगर होता है। यह आंतों को हेल्दी रखता है और विषाक्त पदार्थों को शरीर से बाहर निकालने में सहायता करता है। इससे दस्त की समस्या से भी आराम मिलता है।

डिप्रेशन को भी करता है दूर

हाथी फल में टैनिन, सैपोनिन और स्टेरोल जैसे फाइटोन्यूटिएंट्स मौजूद होते हैं, जो डिप्रेशन को दूर करने में काफी मददगार होते हैं। ये गुण मस्तिष्क में न्यूरोनल सिग्नलिंग को समायोजित करने में मदद करते हैं। इससे केंद्रीय तंत्रिका तंत्र को नाॅर्मल रखने में भी मदद मिलती है। यह मूड को बेहतर बनाता है और यादाश्त में भी सुधार करता है।

आंखों को भी रखता है दुरुस्त

हाथी फल में विटामिन ए, केरोटीनाॅयड और एंटीआॅक्सिडेंट जैसे पोषक तत्व मौजूद होते हैं, जो आंखों की रोशनी बढ़ाने में लाभकारी हैं। इसमें मौजूद तत्व आॅप्टिकटिश्यू के विकास को बढ़ावा देने के साथ रेटिना को मजबूत बनाने में मदद कर सकते हैं। साथ ही ग्लूकोमा, मोतियाबिंद और उम्र से संबंधित आंखों के रोग से बचाव होता है।

यह कई तरह के स्वास्थ्य लाभ देने में है सक्षम

राजकीय आयुर्वेदिक काॅलेज, टूड़ियागंज, लखनउ के डाक्टर महेश नारायण गुप्त का कहना है कि पोषक तत्वों से भरपूर हाथी सेब का सेवन सीमित मात्रा में किया जाए तो यह कई तरह के स्वास्थ्य लाभ देने में सक्षम है। कोई गंभीर बीमार हो तो पहले डाक्टर से परामर्श कर लें उसके बाद ही इसका सेवन करना बेहतर होगा।

Tags:    

Similar News