BJP Mission 2024: बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की कार्यकर्ताओं को नसीहत- '3 राज्यों में मिली जीत जनता को नहीं भूलने दें'

BJP Mission 2024: जेपी नड्डा ने कहा, 'प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के यशस्वी नेतृत्व में भाजपा और उसके कार्यकर्ताओं का समय बदला है। अब तो भाजपा कहीं से हार जाए तो आश्चर्य होता है।

Update: 2023-12-20 14:41 GMT

बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा (Social Media)

JP Nadda Gorakhpur visit: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा बुधवार (20 दिसंबर) को एनेक्सी भवन में गोरखपुर क्षेत्र के पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी, विधायक गण, मोर्चा के क्षेत्रीय अध्यक्ष को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरा।

अपने संबोधन में नड्डा बोले, 'मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ के विधानसभा चुनाव में मीडिया रिपोर्ट हमारे उलट थी। लेकिन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 'गारंटी वाली छवि' की वजह से बीजेपी का पलड़ा कांग्रेस पर भारी रहा। राजनीति में मौके का फायदा उठाना बड़ी सीख होती है। कार्यकर्ताओं को भी तीन राज्यों में जीत के मौके को न भूलना है, और न ही जनता को भूलने देना है'।

हर छोटे-बड़े कार्यकर्ता से जुड़ने की जरूरत

राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा (Jagat Prakash Nadda) ने कहा कि, 'हाल में संपन्न विधानसभा चुनाव से भाजपा के पक्ष में बने गर्म माहौल को अपने पक्ष में बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। वर्तमान में गांव-गांव पहुंच रहे विकसित भारत संकल्प यात्रा की खूबियों की चर्चा करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि, हर छोटे-बड़े कार्यकर्ता से लेकर जनप्रतिनिधि को इससे जुड़ने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि, राजनीतिक कार्यकर्ता होने के नाते हमें सभी चुनाव जीतने की इच्छा रहती है। लेकिन यह मौका पहले कम ही मिलता था। उस समय ऐसी परिस्थिति थी कि कही से जीत गए तो किला फतह करने जैसी खुशी होती थी।'

PM मोदी के नेतृत्व में बीजेपी का बदला समय 

जेपी नड्डा ने कहा, 'प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के यशस्वी नेतृत्व में भाजपा और उसके कार्यकर्ताओं का समय बदला है। अब तो भाजपा कहीं से हार जाए तो आश्चर्य होता है। तीनों राज्यों में नए मुख्यमंत्री बनने के मुद्दे पर राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि, ऐसा निर्णय करके पार्टी यह संदेश देने में सफल रही कि भाजपा में कार्यकर्ता भी मुख्यमंत्री बन सकता है। विपक्ष द्वारा उठाए गए सवालों को खारिज करते हुए दावा किया कि हमारा रास्ता सही है, इसलिए जीत हमारी हो रही है'।

जेपी नड्डा- गोरखपुर में बदलाव साफ दिख रहा

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने नमो ऐप (NAMO APP) को लेकर पार्टी द्वारा चलाए जा रहे अभियान को विस्तार से बताया और गोरखपुर क्षेत्र में प्रयासों की तारीफ की। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई की जयंती 25 दिसंबर को सुशासन के रूप मनाने की तैयारी पर राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा, 'यह कार्यक्रम केवल औपचारिकता न रह जाए। इस कार्यक्रम के माध्यम से केंद्र की मोदी और प्रदेश की योगी सरकार द्वारा लाए गए बदलाव को जनता के बीच ले जाने की जरूरत है। उन्होंने गोरखपुर में एम्स, फर्टिलाइजर और अन्य विकास योजनाओं की चर्चा करते हुए कहा कि प्रदेश की योगी सरकार में गोरखपुर का नक्शा बदल गया है। वर्ल्ड क्लास की मेडिकल सुविधाएं यहां मौजूद हैं। जापानी इंसेफेलाइटिस की महामारी का उन्मूलन को बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि इस बीमारी को दस साल बाद लोग भूल जायेंगे। उन्होंने भाजपा सरकारों के सुशासन के साथ गैर भाजपा सरकारों के समय कुशासन को भी जनता के बीच ले जाने को कहा।


...फिर PM बनाने को लाभार्थियों तक पहुंचें- मुख्यमंत्री

भाजपा क्षेत्रीय कार्यसमिति की बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, 'गोरखपुर के कार्यकर्ता अपार ऊर्जा के साथ संगठनात्मक कार्य करते हैं। विपरीत परिस्थिति में भी भाजपा कार्यकर्ता सहयोगी भाव के साथ आमजन के साथ सदैव खड़ा रहता है। कोरोना काल इसका प्रत्यक्ष उदाहरण रहा है। कोरोना काल की भयावह विपदा में एक-एक कार्यकर्ता पूरी सेवा के साथ लगा रहा। मुख्यमंत्री ने सभी जनप्रतिनिधियों व संगठन कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा में अधिक से अधिक लाभार्थियों को शामिल करें। लाभार्थियों से लगातार संपर्क स्थापित करें। पात्र लोगों को लाभकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ भी दिलायें। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की भाजपा सरकार के विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाते हुए आगामी 2024 में एक बार फिर हम लोग प्रधानमन्त्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पूर्ण बहुमत के साथ केंद्र में भाजपा सरकार बनाने जा रहे हैं। गोरखपुर क्षेत्र सदैव से चुनावों में अच्छा परिणाम देने वाला क्षेत्र रहा है।'

Tags:    

Similar News