Gorakhpur: अब दहशत में नहीं रहते हैं प्रदेश के व्यापारी -नितिन अग्रवाल

Gorakhpur News: भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार में आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल ने कहा कि सपा और बसपा की सरकारों में व्यापारी दहशत में रहता था।

Update: 2024-02-26 15:51 GMT

भाजपा में व्यापार प्रकोष्ठ सम्मेलन हुआ संपन्न। (Pic: Newstrack)

Gorakhpur News: प्रदेश के आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल सोमवार को गोरखपुर में थे। साहबगंज में भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार में आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल ने कहा कि सपा और बसपा की सरकारों में व्यापारी दहशत में रहता था। दंगा और बवाल के बीच दुकानों का शटर डाउन रखना मजबूरी थी। लेकिन अब कानून व्यवस्था के राज में वह शांतिपूर्वक व्यापार कर रहा है। अब माफियाओं में बुलडोजर का खौफ है।

व्यापारियों का कभी उत्पीड़न नहीं होने दिया जाएगा

अग्रवाल ने कहा कि व्यापारियों का कभी उत्पीड़न नहीं होने दिया जाएगा। भाजपा ने हमेशा व्यापारियों के हित में निर्णय लिया है। खुद मुख्यमंत्री व्यापारियों के हित में निर्णय लेने में तत्पर रहते हैं। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की किसी प्रकार की समस्या आती है तो खुद मुख्यमंत्री से बात करता हूं। मुख्यमंत्री किसी व्यापारी को परेशान नहीं होने देंगे। सांसद रवि किशन शुक्ला ने कहा कि केन्द्र में नरेन्द्र मोदी और प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की डबल इंजन की सरकार व्यापारियों की सुरक्षा की गारंटी है। किसी माफिया की हिम्मत नहीं है कि वह व्यापारियों की तरफ आंख उठाकर भी देख सके। सरकार में टैक्स के पैसे से विकास के काम हो रहे हैं। ऐसे में व्यापारियों को भी इसका लाभ मिल रहा है। इसी क्रम में भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के सह संयोजक अनूप गुप्ता ने कहा कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था जल्द ही तीन ट्रिलियन की होगी। इसके लिए भाजपा सरकार लगातार प्रयास कर रही है।


सांसद रवि किशन भी व्यापारियों के जमात के

आभार ज्ञापित करते हुए संयुक्त व्यापार मंडल के संयोजक और पूर्व महापौर सीताराम जायसवाल ने कहा कि सांसद रवि किशन ने फिल्मों की शूटिंग कराकर यहां के व्यापार को बढ़ावा दिया है। सांसद भी व्यापार जगत के ही हैं। व्यापारियों का हित भाजपा में ही सुरक्षित है। कार्यक्रम में कल्याण कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष पुष्पदंत जैन, राजीव रस्तोगी, मदन अग्रहरि, पद्म अग्रवाल, अनूप किशोर अग्रवाल, रमेश गुप्ता, योगेन्द्र नाथ दूबे, संतोष अग्रवाल, रीतेश अग्रवाल, उमेश मद्वेशिया, कमलेश अग्रवाल, राशिद समानी, रीतेश जायसवाल, भोला अग्रहरि, निखिल मोटली, विनय सिंह, आलोक गुप्ता, विवेक गुप्ता आदि की उपस्थिति रही। 

Tags:    

Similar News