Gorakhpur News: गोरखपुर और काशी सीट पर देश की निगाहें- डॉ.राधा मोहन

Gorakhpur News: भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव डॉ.राधा मोहन दास अग्रवाल ने बूथ अध्यक्षों के सम्मेलन में वोट मैनेजमेंट का मंत्र दिया। बोले, काशी में पीएम मोदी लड़ रहे हैं।

Update: 2024-05-07 14:39 GMT

डॉ.राधा मोहन दास अग्रवाल। (Pic: Newstrack)

Gorakhpur News: गोरखपुर मंडल की 6 लोकसभा सीटों पर मंगलवार से नामांकन शुरू हो गया। इसी के साथ ही भाजपा की सक्रियता भी बढ़ गई है। लंबे समय बाद कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव डॉ.राधा मोहन दास अग्रवाल ने बूथ अध्यक्षों के सम्मेलन में वोट मैनेजमेंट का मंत्र दिया। बोले, काशी में पीएम मोदी लड़ रहे हैं। गोरखपुर सीएम योगी आदित्यनाथ की सीट है। दोनों हॉट सीट पर देश की निगाहें हैं। दोनों सीट पर ऐतिहासिक जीत के लिए बूथ का मैनेजमेंट जरूरी है।

बूथ जीतने का दिया मंत्र

गोरखपुर में बूथ अध्यक्षों के सम्मेलन में बोलते हुए भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सांसद डॉ.राधा मोहनदास अग्रवाल ने कहा कि पिछले चुनाव में बूथ पर जितना वोट मिला था, उससे अधिक वोट हासिल करने का प्रयास करें। एक-एक वोट सहेजें। सुनिश्चित करें की सभी वोटर वोट डालें। घर-घर जाइए। एक-एक परिवार से मिलिए। हर कार्यकर्ता को एक घर जाना होगा। मतदान प्रतिशत को बढ़ाएं। हमारी लड़ाई ऐतिहासिक जीत के लिए है। उन्होंने कहा कि लोगों से जनसंपर्क करके सरकार की उपलब्धियां को बताएं। गोरखपुर सीट पर जीत का अंतर हमेशा बढ़ता है। ऐसे में हमें इस परम्परा को बढ़ाने के लिए संकल्प लेना होगा। डॉ.अग्रवाल ने कहा कि मोदी ने हर नीति में भारत प्रथम के संकल्प को स्थापित किया है। भारत दुनिया में सबसे तेज गति से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था है। देश की पहचान एक शक्तिशाली देश के रूप में हो रही है। 2014 के बाद से भारत के प्रत्येक व्यक्ति ने विकास से हुए बदलाव को महसूस किया है।


बूथ जीता तो समझो चुनाव जीता: सहजानन्द राय

पिपराईच विधानसभा के बूथ अध्यक्षों का सम्मेलन महराजगंज रोड के एक रिजार्ट में संपन्न हुआ। जिसमें मुख्य अतिथि भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानन्द राय ने कहा कि हम बूथ जीतेंगे तभी चुनाव जीतेंगे। बूथ विजय से ही जीत का परिणाम अपने पक्ष में आएगा। जिलाध्यक्ष युधिष्ठिर सिंह ने कहा कि बूथ संगठन की सबसे महत्वपूर्ण इकाई है। जिसके बल पर सभी कार्यक्रम सम्पन्न होते हैं। वहीं चुनाव के दौर में बूथ कमेटी के बल पर ही हम चुनाव जीतते हैं। विधायक महेन्द्रपाल सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गाँव, गरीब, किसान, महिला, मजदूर, नौजवान सभी का विकास किया है। संचालन जिला मंत्री नरेन्द्र सिंह ने किया।

Tags:    

Similar News