Hapur News: हापुड़ में साइबर ठगी का बड़ा खुलासा, डीएम कविता मीना के नाम से फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट से हड़कप
Hapur News: हापुड़ में साइबर ठगों द्वारा जिलाधिकारी कविता मीना के नाम और फोटो का दुरुपयोग कर फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट बनाने का मामला सामने आया है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है और साइबर अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
Hapur News: जनपद की जिलाधिकारी कविता मीना के नाम और फोटो का दुरुपयोग कर साइबर ठगों द्वारा फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट संचालित किए जाने का मामला सामने आया है। ठगों ने डीएम की पहचान का इस्तेमाल कर लोगों को संदेश भेजने शुरू कर दिए, जिसके बाद प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की, वहीं पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने भी साइबर अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।
डीएम की फोटो लगाकर लोगों को भेजे जा रहे थे संदेश
जानकारी के अनुसार साइबर अपराधियों ने जिलाधिकारी कविता मीना की फोटो और नाम का इस्तेमाल कर व्हाट्सएप पर फर्जी प्रोफाइल तैयार की। इस अकाउंट से लोगों को संदेश भेजे जा रहे थे। आशंका है कि इसके माध्यम से लोगों को झांसे में लेकर धनराशि मांगने, बैंक संबंधी जानकारी हासिल करने अथवा अन्य प्रकार की साइबर ठगी को अंजाम देने की तैयारी की जा रही थी।
डीएम बोलीं- किसी भी संदेश पर न करें विश्वास
जिलाधिकारी कविता मीना ने स्पष्ट किया कि उनके नाम से संचालित किया जा रहा व्हाट्सएप अकाउंट पूरी तरह फर्जी है और उसका उनसे कोई संबंध नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को उनके नाम या फोटो का उपयोग कर कोई संदेश प्राप्त होता है, धनराशि की मांग की जाती है या कोई संदिग्ध जानकारी भेजी जाती है तो उस पर बिल्कुल भरोसा न करें।उन्होंने लोगों से ऐसे मामलों की तत्काल सूचना पुलिस, साइबर सेल या जिला प्रशासन को देने की अपील की।
एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने जारी किया अलर्ट
पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने कहा कि साइबर अपराधी लगातार नए-नए तरीके अपनाकर लोगों को ठगी का शिकार बनाने का प्रयास कर रहे हैं। अधिकारियों और प्रतिष्ठित व्यक्तियों के नाम से फर्जी सोशल मीडिया एवं व्हाट्सएप अकाउंट बनाना भी इसी प्रकार का अपराध है।
उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को किसी अधिकारी, जनप्रतिनिधि या परिचित के नाम से संदिग्ध संदेश प्राप्त होता है तो पहले उसकी पुष्टि करें। किसी भी स्थिति में ओटीपी, बैंक खाता, एटीएम, यूपीआई या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। साइबर ठगी की शिकायत तत्काल पुलिस या साइबर हेल्पलाइन 1930 पर दर्ज कराएं।
फर्जी अकाउंट संचालक की तलाश शुरू
पुलिस और प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट संचालित करने वाले व्यक्ति की पहचान कर उसके खिलाफ आईटी एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं में कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन और पुलिस की संयुक्त अपील
जिला प्रशासन और पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया और मैसेजिंग प्लेटफॉर्म पर प्राप्त होने वाले किसी भी संदिग्ध संदेश पर आंख मूंदकर विश्वास न करें। थोड़ी सी सतर्कता बड़ी साइबर ठगी से बचा सकती है।