Hapur News: पत्नी को अश्लील वीडियो भेजकर बनाया दबाव, हत्या की धमकी; पति पर केस दर्ज

Hapur News: मुकदमे वापस न लेने पर पत्नी को अश्लील वीडियो भेजकर वायरल करने और हत्या की धमकी देने वाले पति पर केस दर्ज। पुलिस मामले की जांच में जुटी।

By :  Avnish Pal
Update:2026-06-08 16:22 IST

Hapur News(Photo-Social Media)

Hapur News: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जनपद के बाबूगढ़ थाना क्षेत्र में एक विवाहिता को उसके ही पति द्वारा अश्लील वीडियो भेजकर ब्लैकमेल करने और मुकदमे वापस लेने का दबाव बनाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि पति ने महिला को उसकी अश्लील वीडियो भेजकर उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी। इतना ही नहीं, पुलिस से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। पीड़िता की तहरीर पर बाबूगढ़ पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

परेशान कर रहा पति

पुलिस को दी गई शिकायत में महिला ने बताया कि उसकी शादी वर्ष 2015 में बुलंदशहर जनपद के थाना बीबी नगर क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक के साथ हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया था। पारिवारिक कलह बढ़ने पर मामला अदालत तक पहुंच गया और दोनों पक्षों के बीच कई मुकदमे चल रहे हैं। पीड़िता का आरोप है कि वैवाहिक विवाद के दौरान उसके पति ने दूसरी महिला से विवाह कर लिया। वर्तमान में आरोपी अपनी दूसरी पत्नी और बच्चों के साथ रह रहा है, लेकिन इसके बावजूद वह लगातार उसे और उसके परिवार को परेशान कर रहा है। महिला का कहना है कि आरोपी लंबे समय से उस पर मुकदमे वापस लेने का दबाव बना रहा था।

वीडियो वायरल करने की धमकी देकर किया मानसिक उत्पीड़न

महिला ने आरोप लगाया कि आरोपी ने उसके मोबाइल फोन पर अश्लील वीडियो भेजी और कहा कि यदि उसने उसके खिलाफ चल रहे मुकदमे वापस नहीं लिए तो वह वीडियो को सोशल मीडिया और अन्य प्लेटफॉर्म पर प्रसारित कर देगा। आरोपी की इस धमकी के कारण वह लंबे समय से मानसिक तनाव और भय के माहौल में जी रही थी।पीड़िता के अनुसार चार मई 2026 को आरोपी ने फिर से उसके मोबाइल पर अश्लील वीडियो भेजी और उसे वायरल करने की धमकी दी। आरोपी ने कहा कि यदि उसने उसके खिलाफ कार्रवाई जारी रखी तो उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाया जाएगा। महिला का आरोप है कि आरोपी लगातार उसे बदनाम करने की साजिश रच रहा था।

शिकायत की तो दी जान से मारने की धमकी

महिला ने जब आरोपी की धमकियों से परेशान होकर पुलिस से शिकायत करने का फैसला किया तो आरोपी ने उसे और उसके परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी। आरोप है कि शिकायत करने पर हत्या कराने और जान से मारने तक की धमकी दी गई। इससे घबराकर पीड़िता ने बाबूगढ़ थाने पहुंचकर पूरे मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई।

डिजिटल साक्ष्यों की जांच में जुटी पुलिस

मामले की गंभीरता को देखते हुए बाबूगढ़ पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब मोबाइल फोन, चैट, वीडियो और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। जांच के दौरान यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी ने वीडियो किस उद्देश्य से भेजी और क्या पहले भी इस तरह की धमकियां दी गई थीं।

क्या बोले थाना प्रभारी

वहीं इस बाबत जानकारी देते हुए थाना बाबूगढ़ प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि, महिला की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Tags:    

Similar News