Hapur News: पिलखुआ परीक्षा केंद्र पर हड़कंप, मोबाइल बरामद होते ही अभ्यर्थी गिरफ्तार
Hapur News : हापुड़ में यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा के दौरान मोबाइल छिपाकर नकल की कोशिश नाकाम, अभ्यर्थी गिरफ्तार, 6 पुलिसकर्मी निलंबित।
Hapur News
Hapur news :-उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा-2025 के दौरान हापुड़ में नकल की एक बड़ी कोशिश का पर्दाफाश हुआ है। पिलखुआ के सर्वोदय इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र पर एक अभ्यर्थी मोबाइल फोन को अपने अंडरवियर में छिपाकर परीक्षा केंद्र के अंदर ले गया और बाद में उसे पुरुष शौचालय में छिपा दिया.हालांकि उसकी यह चाल ज्यादा देर तक नहीं चल सकी और परीक्षा कर्मियों की सतर्कता से पूरा मामला पकड़ में आ गया।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी अभ्यर्थी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। वहीं सुरक्षा जांच में लापरवाही सामने आने पर दो उपनिरीक्षकों सहित छह पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
लघुशंका के बहाने पहुंचा टॉयलेट, बढ़ा संदेह
सोमवार को आरक्षी भर्ती परीक्षा की प्रथम पाली के दौरान अमरोहा जनपद निवासी परीक्षार्थी सचिन पुत्र छज्जू सिंह (अनुक्रमांक-4500701221) लघुशंका का बहाना बनाकर परीक्षा कक्ष से बाहर निकला और पुरुष शौचालय में पहुंच गया। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परीक्षा केंद्र के कर्मचारियों को संदेह हुआ।जब शौचालय की तलाशी ली गई तो वहां से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। परीक्षा केंद्र के अंदर मोबाइल पूरी तरह प्रतिबंधित होने के कारण तुरंत पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को सूचना दी गई।
अंडरवियर में छिपाकर लाया था मोबाइल
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह मोबाइल फोन को अपने अंडरवियर में छिपाकर परीक्षा केंद्र के अंदर ले गया था। प्रवेश के दौरान सुरक्षा जांच से बचने के बाद उसने मोबाइल फोन को शौचालय में छिपा दिया था ताकि जरूरत पड़ने पर उसका इस्तेमाल किया जा सके।इस खुलासे के बाद परीक्षा केंद्र पर मौजूद अधिकारियों में हड़कंप मच गया। प्रशासन ने इसे भर्ती परीक्षा की निष्पक्षता को प्रभावित करने का गंभीर प्रयास माना
सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम के तहत कार्रवाई
केंद्र प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह की तहरीर पर थाना पिलखुआ में मुकदमा संख्या 272/26 दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम-2024 की धारा 3/4 के तहत कानूनी कार्रवाई की गई है।
फ्रिस्किंग में बड़ी चूक, छह पुलिसकर्मी निलंबित
जांच में यह तथ्य भी सामने आया कि परीक्षा केंद्र पर तैनात सुरक्षा कर्मियों द्वारा की गई फ्रिस्किंग और तलाशी प्रक्रिया में गंभीर लापरवाही बरती गई। यदि जांच पूरी सतर्कता से की गई होती तो मोबाइल फोन केंद्र के अंदर नहीं पहुंच पाता।
इस गंभीर चूक पर पुलिस अधीक्षक हापुड़ ने सख्त कार्रवाई करते हुए दो उपनिरीक्षकों सहित कुल छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया। प्रशासनिक हलकों में इस कार्रवाई को बड़ा संदेश माना जा रहा है कि भर्ती परीक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
नकल माफिया और धोखाधड़ी पर प्रशासन की कड़ी नजर
प्रदेश सरकार की प्राथमिकता भर्ती परीक्षाओं को पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और नकलविहीन बनाना है। इसी के तहत सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी, बायोमेट्रिक सत्यापन, कड़ी तलाशी और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूर्ण प्रतिबंध लागू किया गया है।
इसके बावजूद कुछ अभ्यर्थी और नकल गिरोह नए-नए तरीके अपनाकर परीक्षा प्रणाली में सेंध लगाने की कोशिश कर रहे हैं। हापुड़ की यह घटना भी ऐसी ही एक कोशिश थी, जिसे समय रहते विफल कर दिया गया।
एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह का सख्त संदेश
पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने कहा कि यूपी पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पिलखुआ परीक्षा केंद्र पर सामने आए मामले में आरोपी अभ्यर्थी के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की गई है।उन्होंने कहा, "भर्ती परीक्षा की पवित्रता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। अनुचित साधनों का प्रयोग करने वाले अभ्यर्थियों और ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। सभी परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है ताकि परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।"