Jalaun News: महिला का रक्तरंजित शव मिलने से सनसनी, मौत को लेकर रहस्य गहराया

Jalaun News: जालौन में अधेड़ महिला का रक्त रंजित शव उसके ही घर के पीछे मिलने से सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही एसपी, एएसपी, सीओ, थानाध्यक्ष मौके पर पहुंच गए।

Update:2023-08-07 23:14 IST
अधेड़ महिला का रक्त रंजित शव उसके ही घर के पीछे मिला: Photo- Newstrack

Jalaun News: जालौन में अधेड़ महिला का रक्त रंजित शव उसके ही घर के पीछे मिलने से सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही एसपी, एएसपी, सीओ, थानाध्यक्ष मौके पर पहुंच गए। फील्ड यूनिट की टीम को भी बुलाया गया। खून से सनी लोहे की एक सब्बल भी बरामद हुई है, जिससे महिला की हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।

घटना का राजफाश करने की कोशिश में जुटी पुलिस

नदीगांव थाना क्षेत्र के ग्राम बावली में 50 वर्षीय अधेड़ महिला जाना देवी पत्नी स्व. ओमकार का रक्त रंजित शव उसी के कच्चे घर के ठीक पीछे पड़ा हुआ था। परिजनों व ग्रामीणों ने जब शव पड़ा देखा तो थाना पुलिस को सूचना दी। क्षेत्राधिकारी कोच रामसिंह व थानाध्यक्ष उमाकांत ओझा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल शुरू की। जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा, अपर पुलिस अधीक्षक असीम अरुण भी मौके पर पहुंच गए। घटनास्थल का जायजा लिया और परिजनों व ग्रामीणों से जानकारी ली। फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य संकलन किया। मौके पर पुलिस को खून से सनी लोहे की एक सब्बल मिली है। पुलिस ने सब्बल को अपने कब्जे में ले लिया है। ग्रामीणों ने महिला की हत्या किए जाने की आशंका जताई है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। क्षेत्राधिकारी कोच राम सिंह यादव का कहना है कि हर एंगल पर जांच की जा रही है। घटना का जल्द ही खुलासा कर आरोपितों को गिरफ्तार किया जाएगा।

रंजिश की बात से ग्रामीणों का इनकार

महिला की मौत को लेकर ग्रामीणों में हड़कंप मचा रहा। आसपास के लोगों का कहना था कि महिला सीधे स्वभाव की थी और उसकी किसी की रंजिश नहीं थी। मृतका के परिजन भी किसी पर शक जाहिर करते नहीं दिखे। ऐसे में महिला की हत्या किसने और किस वजह से की इसको लेकर रहस्य गहराया हुआ है। लोगों को पुलिस की जांच का इंतजार है कि आखिर किसने इस निर्मम वारदात को किया है। लोग इस मामले में कड़ी से कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं।

Tags:    

Similar News