Jan Ashirwad Yatra: यात्रा से तय होगा यूपी में भाजपा का भविष्य, जानें जिलों का हाल

आगामी विधानसभा चुनाव फतह करने के लिए सभी राजनीतिक पार्टियां जुट गई हैं।

Newstrack :  Network
Published By :  Raghvendra Prasad Mishra
Update: 2021-08-18 16:53 GMT

गोरखपुर में पंकज चौधरी का स्वागत करते कार्यकर्ता

Jan Ashirwad Yatra: आगामी विधानसभा चुनाव फतह करने के लिए सभी राजनीतिक पार्टियां जुट गई हैं। ऐसे में भाजपा की तरफ से 'जन आशीर्वाद यात्रा' निकाली गई है, जो आज प्रदेश के विभिन्न जिलों में पहुंची। देखें कहां कैसी रही 'जन आशीर्वाद यात्रा'...

गोरखपुर: महराजगंज पहुंचते ही विवादों में केन्द्रीय मंत्री पंकज चौधरी की 'जन आशीर्वाद यात्रा'

केन्द्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी जन आशीर्वाद यात्रा लेकर बुधवार को अपने संसदीय क्षेत्र महराजगंज पहुंच गए। फरेंदा विधायक बजरंग बहादुर सिंह के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने अपने सांसद का जोरदार स्वागत किया। भाजपाइयों में जहां जोश है, वहीं कांग्रेस नेताओं ने पहले से लगे पोस्टर को उखाड़ फेंकने का आरोप लगाया है। वहीं पार्टी की तरफ से अखबारों में जारी विज्ञापन में सिसवा से भाजपा विधायक प्रेम सागर पटेल का फोटो व नाम गायब होने से गुटबाजी का आरोप भी लगने लगा है।

लखनऊ से सिद्धार्थनगर होते हुए जन आशीर्वाद यात्रा बुधवार को महराजगंज पहुंची तो भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ आम नागरिकों ने अपने सांसद का बतौर मंत्री जोरदार स्वागत किया। स्वागत में फरेंदा विधायक बजरंग बहादुर सिंह पूरे उत्साह से शामिल दिखे। वहीं सिसवा से विधानसभा चुनाव की तैयारी कर रहे अजय कुमार श्रीवास्तव भी ठूठीबारी में पूरे दलबल के साथ मौजूद रहे। उन्होंने यहां शक्ति प्रदर्शन भी किया।

समर्थन देख भावुक हुए पंकज


महराजगंज में प्रवेश में समय धानी ढाला पर समर्थकों के उमड़े जनसैलाब को देखकर पंकज चौधरी भावुक हो गए। उन्होंने अपनी भावनाओं को दबाने की कोशिश की लेकिन आंखों ने काफी कुछ बयां कर दिया। इस दौरान केंद्रीय वित्‍त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने कहा कि जन आशीर्वाद यात्रा को जनता का प्यार मिल रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सबका साथ सबका विकास की नीति का समर्थन मिल रहा है। अति पिछड़े वर्ग को लाभ देने की तैयार योजना पर सरकार काम कर रही है। इस यात्रा का उद्देश्य है कि सरकार और जनता के बीच सीधा संबंध स्थापित हो।

पंकज ने कहा कि प्रधानमंत्री ने मंत्रीमंडल विस्तार में 27 पिछड़ा वर्ग और 20 अनुसूचित वर्ग के साथ 11 महिलाओं को अपनी टीम में शामिल किया है। यह समाज के लिए अच्छा संदेश है। पंकज का काफिला फरेंदा से नौतनवा होते हुए ठूठीबारी पहुंच चुका है। उनके पुराने करीबी संजय श्रीवास्तव उर्फ गुड्डू कहते हैं कि उमड़ी भीड़ तस्दीक कर रही थी कि पंकज की छह बार की जीत तीर तुक्का नहीं है। उन्होंने जनता के समर्थन से बड़ी पूंजी कमाई है।

भाजपा के विज्ञापन से सिसवा विधायक गायब

केन्द्रीय मंत्री के महराजगंज पहुंचने पर भारतीय जनता पार्टी की जिला कमेटी की तरफ से अखबारों में विज्ञापन दिया गया। इस विज्ञापन में जिले के चार भाजपा विधायकों में से तीन का तो फोटो है लेकिन सिसवा विधायक प्रेम सागर पटेल की फोटो गायब है। प्रेम सागर पटेल भले ही पंकज के ही बिरादरी के हैं लेकिन दोनों के बीच अनबन की खबरें उजागर होती रहती हैं।


पंकज के करीबी अजय कुमार श्रीवास्तव भी सिसवा विधानसभा से दावेदारी ठोक रहे हैं, ऐसे में विज्ञापन में विधायक की फोटो नहीं होने को लेकर सियासी गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म है। हालांकि फरेंदा पहुंचने पर सिसवा विधायक प्रेम सागर पटेल ने केन्द्रीय मंत्री का स्वागत किया। पंकज ने भी अपने संबोधन में प्रेम सागर पटेल का नाम लेकर विवाद के अटकलों को खारिज करने की कोशिश की।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा, गुंडागर्दी कर रही भाजपा

कांग्रेस नेता राकेश गुप्ता ने केन्द्रीय मंत्री के यात्रा को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा पहले से लगे पोस्टर को हटाने को लेकर फेसबुक पोस्ट कर विरोध दर्ज कराया है। राकेश ने लिखा है कि जन आशीर्वाद यात्रा करिए, उसका स्वागत है। लेकिन यह अधिकार किसने दिया है कि पूरे विधानसभा या जिले में जिसका पहले होर्डिंग पोस्टर लगा है उसका हटाकर अपना लगा दिया जाए। यह किसने अधिकार दिया है? मैं पूछना चाहता हूं सांसद विधायक और प्रतिनिधि लोगों से आखिर ऐसा कैसे किया? इतना घमंड अंहकार क्या दर्शाता है? इस पोस्ट पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष शरद कुमार सिंह ने लिखा है कि यह गुंडागर्दी है। इसकी जिनती निंदा की जाए कम है।

रिपोर्ट- पूर्णिमा श्रीवास्तव

बाराबंकी: कौशल किशोर की भविष्यवाणी, 2022 में भाजपा को मिलेगा 90 से 95 फीसदी ब्राह्मण वोट


बाराबंकी जिले में आज जन आशीर्वाद यात्रा का दूसरा दिन है। यात्रा का नेतृत्व कर रहे केन्द्र सरकार में आवास व शहरी विकास राज्यमंत्री कौशल किशोर आज दूसरे दिन भी विपक्ष पर हमलावर रहे और सपा-बसपा व कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा और ज्यादा सीटों के साथ सरकार बनाएगी। जबकि सपा-बसपा और कांग्रेस को पिछली बार से ज्यादा नुकसान होगा। वह हमारे सामने टिक नहीं पाएगा। इस दौरान उन्होंनने भविष्यवाणी करते हुए कहा कि 2022 के विधानसभा चुनाव में 90 से 95 फीसदी ब्राह्मणों का वोट भाजपा को ही मिलेगा।

जन आशीर्वाद यात्रा के दूसरे दिन पत्रकारों से बात करते हुए केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर ने कहा कि बाराबंकी में लाखों लोगों का आशीर्वाद भारतीय जनता पार्टी को मिला है। उन्होंने कहा कि जनका का जिस तरह का रुझान भाजपा की तरफ दिख रहा है, उसको देखते हुए यह साफ कहा जा सकता है कि सपा-बसपा और कांग्रेस को 2017 के विधानसभा चुनाव से ज्यादा बड़ा नुकसान इस बार उठाना पड़ेगा। क्योंकि इस बार के विधानसभा चुनाव में भाजपा को पिछली बार से ज्यादा वोट मिलेगा।

केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर ने विपक्ष के आरोपों पर कहा कि सपा-बसपा और कांग्रेस के नेता केवल हल्ला मचा रहे हैं। विपक्ष सड़क से लेकर विधानसभा तक केवल हल्ला मचा रहा है। विपक्षी नेता सड़क पर नाटक कर रहे हैं और झूठे आरोप लगा रहे हैं। वहीं बीएसपी के प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन पर निशाना साधते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भाजपा से कोई ब्राह्मण नाराज नहीं है। केवल यह लोग अफवाह फैला रहे हैं। इस दौरान उन्होंने भविष्यवाणी करते हुए कहा कि 90 से 95 फीसदी ब्राह्मणों का वोट भाजपा को ही मिलेगा।

कौशल किशोर ने कहा कि वैश्विक महामारी कोरोना वायरस के प्रकोप के दौरान विपक्ष का कोई नेता या कार्यकर्ता जनता के बीच में नहीं गया। केवल भाजपा के नेता और कार्यकर्ता ही जनता के बीच गये और लोगों की मुश्किल समय में मदद की। हम लोग कोरोना से निपटने के लियेलगातार मैदान में डटे रहे।

रिपोर्ट- सरफराज वारसी

बहराइच: चाइना समेत विपक्ष पर जमकर बरसे गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र


जन आशीर्वाद यात्रा के तहत बहराइच पहुंचे केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र ने अफगानिस्तान मामले में कहा कि भारत की स्पष्ट विदेश नीति है कि जो लोग विस्तारवाद और आतंकवाद पर विश्वास नहीं करते ऐसे सभी देशों के साथ हम सहयोग करने के लिए उनका इंफ्रास्ट्रक्चर बनाने के लिए हमेशा तैयार रहते हैं और परिस्थितियां जैसी आईं वैसा हम निर्णय लेते हैं।

विपक्षी पार्टियों के द्वारा ब्राह्मणों को लेकर की जा रही राजनीति पर केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र ने बसपा और सपा पर जबरदस्त हमला बोलते हुए कहा कि सतीश मिश्र और मनोज पांडे के आदर्श विकास दुबे हैं, जो ब्राह्मणों के हत्यारे हैं। उन्होंने पहली हत्या संतोष शुक्ला और आखिरी हत्या की देवेंद्र मिश्रा की। 90% से ज्यादा उन्होंने अपराध ब्राह्मणों के खिलाफ किए हैं। वह सतीश मिश्र के आदर्श हैं और वह आदर्श इसलिए है कि यह लोग केवल जाति की ही राजनीति करते हैं।


किसान आंदोलन के मुद्दे पर बोलते हुए केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र ने कहा कि राकेश टिकैत राजनीतिक रूप से एक हताश निराश व्यक्ति हैं दो दो बार लोकसभा का चुनाव लड़े दोनों बार जमानत जप्त हुई। उनकी अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षायें हैं। उन महत्वाकांक्षाओं को पूरा करने के लिए इस तरीके का भ्रम फैला कर कैसे उनको प्रॉफिट मिल जाए इसका प्रयास कर रहे हैं।

केंद्रीय गृह राज्य मंत्री ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि पिता की बदौलत वह एक बार मुख्यमंत्री बन गए उसके बाद खुद के दम पर उन्होंने 2017 और 2019 का चुनाव लड़ा लेकिन वह हार गए। चीन के खिलाफ तीखा हमला बोलते हुए केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा ने कहा कि भारत हर परिस्थिति के लिए तैयार है। चाइना चाहे नेपाल का सहारा ले, चाहे अफगानिस्तान का और चाहे पाकिस्तान का पर हर तरफ से जवाब देने में भारत सक्षम है।

रिपोर्ट- अनुराग पाठक

Tags:    

Similar News