Jaunpur News: भैंस चराने के विवाद में तड़तड़ाई गोलियां, दो घायल, पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी

Jaunpur News: पुलिस घटना के बाबत तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।

Report :  Kapil Dev Maurya
Update:2024-10-21 08:54 IST

भैंस चराने के विवाद में तड़तड़ाई गोलियां (photo: social media )

Jaunpur News: जनपद के सिकरारा थाना क्षेत्र के समसपुर खपरहा में रविवार की सायंकाल भैंस चराने को लेकर विवाद में गोली चल गई। गोली लगने से दो भाई घायल हो गए। एक गंभीर रूप से घायल युवक का जिला चिकित्सालय में उपचार चल रहा है। पुलिस घटना के बाबत तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।

खबर है कि सिकरारा के समसपुर खपरहा निवासी आदर्श चौबे उर्फ सूरज (27) रविवार की सुबह गांव में भैंस चरा रहा था। इस दौरान उसकी भैंस गांव के एक व्यक्ति के खेत में जाकर फसल चर गयी। जिसे लेकर दबंगों ने उसकी पिटाई कर दी। उसने इसकी सूचना घर पहुंचकर परिजनों को दी तो इसके बाद पिटा हुआ युवक अन्य लोगों के साथ विपक्षियों के घर पहुंचकर पिटाई कर दी। उससे आक्रोशित होकर विपक्षी सायं करीब 07 बजे के आसपास छह की संख्या में दो बाइक से आदर्श के घर पहुंचे। अपने आपकों को घिरता देख हमलावरों ने पांच से छह राउंड गोलियां चला दी।

भागते समय हमलावर की बाइक छूट गई

इसमें से एक गोली आदर्श के बाए जांघ के पिछले हिस्से में लग गई। वहीं उसका छोटा भाई आयुष चौबे भी छर्रा लगने से घायल हो गया। इस दौरान दोनों पक्षों में मारपीट के दौरान हमलावर विपक्षी के दो लोगों की पिटाई भी हुई। हमलावर की एक बाइक छूट गई। जिसको पुलिस अपने साथ थाने ले गई। घायलों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकरारा में उपचार कराया गया। जहां से आदर्श की हालत गंभीर होने पर जिला चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया गया। सूचना पर सीओ परमानंद कुशवाहा ने मौके पर पहुंचकर पड़ताल की। परिजनों की तरफ से तहरीर लेकर एफआईआर दर्ज करा दी गई है।

इस बाबत क्षेत्राधिकारी सदर परमानंद कुशवाहा ने बताया कि हमलावरों की संख्या छह बताई जा रही है। भैंस चराने के विवाद में मारपीट हुई थी। जिसके जवाब में गोली चलाई गई। इसमें एक भाई को गोली लगी हैं, दूसरे को छर्रा लगा है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर अन्य विधिक कार्यवाई की जा रही है। इसमें एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया है।

Tags:    

Similar News