चुनाव तैयारी में जुटी JDU,6 अगस्त को कार्यकर्ताओं को टिप्स देंगे नीतीश

Update: 2016-08-02 14:47 GMT

कानपुर: छह अगस्त को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार घाटमपुर में कार्यकर्ताओं का प्रांतीय सम्मलेन कर आगामी यूपी चुनाव की तैयारियों में जुट जाएंगे। नीतीश इस सम्मेलन के जरिए कार्यकर्ताओं में जोश भरेंगे। बिहार जेडीयू प्रदेश अध्यक्ष जावेद रजा ने बताया, पार्टी का यूपी विधानसभा चुनाव का नारा होगा 'संघ मुक्त समाज ,शराब बंदी और नीलगाय मुक्त किसान।'

जेडीयू, नीतीश के इस सम्मलेन की तैयारियों में जुटी है। कार्यक्रम स्थल पर दिन-रात तैयारियां चल रही हैं। इस रैली में करीब 20 हजार से ज्यादा कार्यकर्ताओं के आने की उम्मीद है।

रैली में जुटेंगे सभी बड़े नेता

कानपुर शहर से 60 किमी दूर घाटमपुर के एक कॉलेज में जेडीयू कार्यकर्ताओं का प्रांतीय सम्मलेन होना है। इसमें पार्टी के बड़े नेता शरद यादव, केसी त्यागी ,राष्ट्रीय महासचिव गुलाम रसूल बलियाबी मौजूद रहेंगे। यूपी में जेडीयू पूरी ताकत से हुंकार भरने की तैयारी में है।

कई छोटी पार्टियों से होगा गठबंधन

बिहार जेडीयू प्रदेश अध्यक्ष जावेद रजा ने newztrack.com को बताया कि आगामी यूपी विधानसभा चुनाव से पहले राज्य में एक बड़ा गठबंधन उभरकर सामने आएगा। इस संबंध में कई छोटी पार्टियों से बात चल रही है। सपा सरकार कानून व्यवस्था के मामले में पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने कहा जेडीयू यूपी में अपने मुद्दों पर चुनाव लड़ेगी।

ये होगा नीतीश का कार्यक्रम

घाटमपुर रैली में नीतीश कुमार छह अगस्त की सुबह ही कानपुर आ जाएंगे। इसके बाद वे सीधे सर्किट हाउस जाएंगे। सर्किट हाउस से वे कार्यक्रम स्थल के लिए निकलेंगे। वे वहां कार्यकर्ताओं संबोधित कर प्रदेश की जनता तक जेडीयू के कार्यों को पहुंचाने से जुडी बातें करेंगे। साथ ही यूपी सरकार की विफलता को भी जनता के समक्ष रखने के मुद्दे पर चर्चा करेंगे।

बनाएंगे 'संघ मुक्त भारत'

जब जावेद रजा से पूछा गया कि वे 'संघ मुक्त भारत' कैसे बनाएंगे तो उनका जवाब था, कि 'जब समान विचारधारा वाले लोग एक साथ आएंगे और देश की आवाम को भी इस बात की समझ होगी तो देश खुद ही 'संघ मुक्त' बन जाएगा। उन्होंने कहा, प्रदेश सरकार ने किसानों के लिए कुछ नहीं किया। नीलगाय किसानों की फसलों को चौपट करती है लेकिन सरकार उसके मुआवजे के लिए कोई कदम नहीं उठा रही।

बंद हो शराबबंदी

वहीं रजा ने आगे कहा, शराबबंदी से 80 प्रतिशत से ज्यादा क्राइम ख़त्म हो जाएगा। गरीब जनता जो शराब में जितने पैसे बर्बाद करती है उतने में वो अपने बच्चों की पढाई करवा सकते हैं।

बड़ी संख्या में जेडीयू से जुड़े हैं कार्यकर्ता

जेडीयू नगर अध्यक्ष प्रदीप यादव ने बताया कि छह अगस्त को होने वाली रैली में कानपुर मंडल के कार्यकर्ता शिरकत करेंगे। इसमें बिहार से कार्यकर्ता नहीं आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि हाल के दिनों में जेडीयू के साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जुड़े हैं। इसका नतीजा आगामी विधानसभा चुनाव में देखने को मिलेगा।

Tags:    

Similar News