Jhansi News: अपराधियों व माफियाओं पर पुलिस ने कसा शिकंजा, अरबों की संपत्ति कुर्क, 22 पर आरोपियों पर एनएसए

Jhansi News: झाँसी परिक्षेत्र में जो माफिया टॉप लिस्ट में थे उनकी दहशत का अंत होता जा रहा है। वहीं, काले कारनामों को अंजाम देने वाले अपराधियों ने या तो सरेंडर कर दिया या उन्होंने जुर्म की दुनिया से तौबा कर ली है।

Update:2023-06-27 21:55 IST
पुलिस उपमहानिरीक्षक जोगेन्द्र कुमार (Pic: Newstrack)

Jhansi News: झाँसी परिक्षेत्र में लगातार माफियाओं व अपराधियों पर शिकंजा कसने का काम किया जा रहा है। इससे जिलों में माफियाओं की लिस्ट छोटी होती जा रही है। बड़े-बड़े माफिया जो अपने खौफ के लिए जाने जाते थे, वही माफिया सलाखों के पीछे सिसकियां भरते नजर आ रहे हैं। झाँसी परिक्षेत्र में जो माफिया टॉप लिस्ट में थे उनकी दहशत का अंत होता जा रहा है। वहीं, काले कारनामों को अंजाम देने वाले अपराधियों ने या तो सरेंडर कर दिया या उन्होंने जुर्म की दुनिया से तौबा कर ली है। उधर, झाँसी परिक्षेत्र में आठ अरब छियानवें करोड़ 15 लाख से अधिक की संपत्ति कुर्क की गई। साथ ही 22 आरोपियों पर एनएसए और 603 के खिलाफ गैंगेस्टर एक्ट की कार्रवाई की गई है।

कई बार अपराधी व्यक्तिगत तौर पर अपराध करने के बजाय एक गिरोह बनाकर अपराध करते हैं। यह गिरोह हत्या, लूट, डकैती, रंगदारी जैसी घटनाओं को मिलकर अंजाम देते हैं। ऐसे में इन्हें रोकने के लिए साल 1986 में सरकार ने गैंगस्टर एक्ट बनाया था। इस एक्ट के तहत दोषी करार दिए गए अपराधी को कम से कम दो साल और इस एक्ट में गैंगेस्टर की संपत्तियों को कुर्क करने का प्रावधान है।

झाँसी परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक जोगेन्द्र कुमार ने बताया कि सरकार की मंशानुसार माफियाओं व अपराधियों पर लगातार शिकंजा कसने का प्रयास किया जा रहा हैं। जिसके चलते एक जनवरी 2022 से लेकर अब तक 137 गैंगेस्टर के मुकदमें पंजीकृत किए गए हैं। 603 लोगों पर कार्रवाई की गई। इन अपराधियों के पास से अवैध तरीके से अर्जित की गई तकरीबन आठ अरब 96 करोड़ 54 लाख 15 हजार 272 की संपत्ति को जब्तीकरण करने का काम किया गया है।

हर जिले में इस तरह की गई कार्रवाई

झाँसी में गैंगस्टर अधिनियम के तहत 50 अभियोग पंजीकृत किए गए हैं। इनमें 218 अभियुक्तों के खिलाफ गैंगेस्टर एक्ट की कार्रवाई की गई है। साथ ही 53 मामलों में 8 अरब 27 करोड़ 23 लाख पांच हजार तीन सौ 32 रुपये की संपत्ति कुर्क की गई। इसके अलावा 474 लोगों को जिला बदर किया गया। इनमें 20 लोग गिरफ्तार कर जेल भेजे गए। इसके अलावा छह लोगों के खिलाफ एनएसए की कार्रवाई की है। वहीं, जालौन में गैंगेस्टर अधिनियम के तहत 55 अभियोग पंजीकृत किए गए। इनमें 266 लोगों के खिलाफ गैंगेस्टर एक्ट की कार्रवाई की गई है। साथ ही 23 प्रकरणों में 24 करोड़ 78 लाख 73 हजार 401 रुपये की संपत्ति कुर्क की गई है।

इसके अलावा 80 लोगों को जिला बदर किया गया। इनमें छह लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। जबकि 16 लोगों के खिलाफ एनएसए की कार्रवाई की गई है। इसके अलावा ललितपुर में गैंगेस्टर अधिनियम के तहत 27 अभियोग पंजीकृत किए गए हैं। इनमें 119 अभियुक्तों के खिलाफ गैंगेस्टर एक्ट की कार्रवाई की है। साथ ही 11 मामलों में 69 करोड़ से अधिक की संपत्ति कुर्क की गई। इसके अलावा 231 लोगों को जिला बदर किया गया। इनमें 40 लोग गिरफ्तार कर जेल भेजे गए।

जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत पुलिस कर रही है काम - पुलिस उपमहानिरीक्षक

पुलिस उपमहानिरीक्षक जोगेन्द्र कुमार ने कहा कि यूपी सरकार अपराधों और अपराधियों के खिलाफ अपनी जीरो टॉलरेंस की नीति के साथ न केवल अपराधों पर अंकुश लगाने में बल्कि आम आदमी में सुरक्षा की भावना पैदा करने में भी सफल रही हैं। पुलिस ने जिला स्तर पर अपराधियों की पहचान की है और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। पेशेवर अपराधियों औऱ भूमाफियाओं के खिलाफ कार्रवाई की जा रही हैं। अपराधों को समाप्त करने के लिए जिला स्तर पर अपराधियों को आदतन अपराधियों के रुप में पहचानने के लिए एक मिशन-मोड में काम किया है। उनका कहना है कि फिर से भूमाफियाओं की चिन्हीकरण शुरु हो गया है।

Tags:    

Similar News