Jhansi News: जिला अस्पताल की दूसरी मंजिल से कूदी महिला, इलाज कराने आई थी अस्पताल

Jhansi News: महिला जब अस्पताल की दूसरी मंजिल पर थी, तभी न जाने ऐसा क्या हुआ कि वह नीचे कूद गई। गनीमत रही कि बीच टीन की छत होने के कारण वह सीधे नहीं गिरी। हालांकि इस दौरान वह घायल हो गई। यह देख वहां हड़कम्प मच गया।

Report :  B.K Kushwaha
Update: 2023-09-26 15:39 GMT

जिला अस्पताल की दूसरी मंजिल से कूदी महिला, इलाज कराने आई थी अस्पताल: Photo- Social Media

Jhansi News: जिला अस्पताल की दूसरी मंजिल से एक महिला कूद गई। जिससे वह घायल हो गई। महिला की दिमागी हालत ठीक नहीं होना बताया जा रहा है। वह अपना इलाज कराने के लिए भाई के साथ जिला अस्पताल आई थी। घायल महिला को अस्पताल में उपचार देकर मामले की गहनता से छानबीन की जा रही है।

चिरगांव थाना क्षेत्र के ग्राम मवई निवासी मंजेशलता की दिमागी हालात ठीक नहीं थी इसलिए वह अपने भाई सुनील के साथ उपचार के लिए जिला अस्पताल आई थी। महिला जब अस्पताल की दूसरी मंजिल पर थी, तभी न जाने ऐसा क्या हुआ कि वह नीचे कूद गई। गनीमत रही कि बीच टीन की छत होने के कारण वह सीधे नहीं गिरी। हालांकि इस दौरान वह घायल हो गई। यह देख वहां हड़कम्प मच गया। आनन-फानन में महिला को प्राथमिक उपचार देकर मेडिकल कालेज भेज दिया गया। इस मामले की जानकारी मिलते ही जिला अस्पताल के चिकित्सक मौके पर पहुंच गए। सूचना पर गई पुलिस ने मामले की छानबीन शुरु कर दी है।

गणेश उत्सव में शामिल होकर घर आए युवक ने लगा ली फाँसी-

गणेश उत्सव में शामिल होकर घर आए युवक ने रात्रि में फांसी लगा ली। जिससे उसकी मौत हो गई। उसने यह कदम क्यों उठाया यह स्पष्ट नहीं हो सका। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।

बड़ागांव थाना क्षेत्र के ग्राम टाकोरी में रहने वाला नीलेश उर्फ नीलू अविवाहित था। परिजनों के मुताबिक शाम को वह गणेश उत्सव में गया था। जहां से लौटकर रात्रि में घर वापस आया। इसके बाद खाना कर वह अपने कमरे में चला गया। इसी दौरान उसने साड़ी से फांसी लगा ली। परिजनों को जब तक पता चला कि उसकी मौत हो गई थी। इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।

नहर में मिला सड़ा-गला शव-

मोंठ थाना क्षेत्र की परगना नहर में युवक का सड़ा-गला शव मिला। जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।मोंठ थाना क्षेत्र की परगना नहर के चैकडैम से स्थानीय क्षेत्रवासियों ने बदबू महसूस की। शक होने पर उन्होंने चैकडैम के पास जाकर देखा तो उसमें एक युवक की सड़ी-गली लाश फसी हुई थी। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवा कर कब्जे में लिया। इसके बाद उसकी शिनाख्त कराने का प्रयास किया। काफी प्रयास के बाद भी मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी। मृतक की उम्र लगभग 45 वर्षीय बताई जा रही है। साथ ही उसके शरीर पर सफेद रंग का गमछा होना बताया गया है। शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम को भेज दिया।

Tags:    

Similar News