UP: कन्नौज में अखिलेश यादव की जनसंपर्क रैली, नामांकन के बाद पहली बार क्षेत्र पहुंचे सपा प्रमुख

Akhilesh Yadav in Kannauj: कन्नौज लोकसभा सीट से उम्मीदवारी का पर्चा भरने के बाद आज पहली बार अखिलेश यादव क्षेत्र पहुंचे, जहां उन्होंने जनसंपर्क रैली को संबोधित की।

Report :  Aniket Gupta
Update: 2024-04-27 10:34 GMT

Akhilesh Yadav in Kannauj: खिलेश यादव ने आज दोपहर कन्नौज में चुनावी रैली को संबोधित किया। इस रैली को उन्होंने जनसंपर्क रैली का नाम दिया है। रैली से जुड़ी तस्वीर भी सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर शेयर किया है। बता दें, बीते दिनों अखिलेश यादव ने कन्नौज लोकसभा सीट से नामांकन पर्चा भरा। पहले उन्होंने कन्नौज लोकसभा सीट से अपने चचेरे भाई तेज प्रताप यादव को टिकट दिया था। बता दें कन्नौज से उम्मीदवारी का नामांकन पर्चा भरने के बाद आज अखिलेश यादव पहली बार क्षेत्र में पहुंचे। इससे पहले भी कई बार अखिलेश कन्नौज आए, लेकिन बीते दिनों उन्होंने इस सीट से दावेदारी ठोकी और आज पहली बार अपनी सीट की जनता को संबोधित करने पहुंचे। वहीं इस सीट से बीजेपी ने कन्नौज से वर्तमान सांसद सुब्रत पाठक को टिकट दिया है।

अपने घोषणा पत्र का किया जिक्र

रैली के दौरान कन्नौज की जनता को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा, "हमने अपने घोषणा पत्र में लिखा है कि राशन और अच्छा हो, पौष्टिक आटा मिले और नौजवानों को डाटा फ्री मिले।"

2019 में सपा को कन्नौज सीट पर लगा था झटका

गौरतलब है कि सपा ने पहले इस सीट से तेज प्रताप सिंह को टिकट दिया था। लेकिन बाद में पार्टी ने अपना फैसला बदल दिया। अखिलेश ने कन्नौज सीट से खुद चुनाव लड़ने का फैसला लिया। हालांकि, बीते कुछ दिनों से ये कयास लगाए जा रहे थे कि कन्नौज से सपा प्रमुख अखिलेश यादव खुद चुनाव लड़ सकते हैं। लेकिन, उसी बीच सपा ने कन्नौज से तेज प्रताप को टिकट दे दिया और इस कयास पर पूर्णविराम लगा दिया था। लेकिन, एक बार फिर पार्टी ने घोषणा की कि अखिलेश यादव कन्नौज से चुनाव लड़ेंगे और बीते 25 अप्रैल को सपा प्रमुख ने कन्नौज से उम्मीदवारी के लिए पर्चा भरा। मालूम हो कि कन्नौज सीट पर 1998 से 2014 तक लगातार समाजवादी पार्टी का कब्जा रहा। 2019 के लोकसभा चुनाव में पार्टी को इस सीट पर करारा झटका लगा था। सपा प्रत्याशी डिंपल यादव को भाजपा उम्मीदवार सुब्रत पाठक ने करारी हार दी थी। वहीं, सीट पर अपने वर्चस्व बरकरार रखने के लिए अखिलेश यादव ने नामांकन पत्र भर दिया। अखिलेश के इस फैसले ने न केवल कन्नौज सीट के सभी सियासी समीकरणों को बदल दिया बल्कि मुकाबले को भी दिलचस्प कर दिया है।

आधा-अधूरा छोड़ दिया काम

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने नामांकन दाखिल करने के बाद मीडिया से बातचीत की थी। उस दौरान उन्होंने कहा कि कन्नौज को विकास की नई दिशा मिलेगी। भाजपा सरकार में मेडिकल कॉलेज के डिपार्टमेंट बंद कर दिए गए। जिन-जिन प्रोजेक्ट को सपा ने शुरू किया, उसे बंद करवा दिया गया। मैं अभी नामांकन करके आ रहा हूं। पार्टी, नेता, कार्यकर्ता, और सभी की भावनाएं यह थी कि समाजवादी पार्टी की तरफ से मुझे यहां से चुनाव लड़ाया जाए। मैं सभी का आभार व्यक्त करता हूं। मुझे उम्मीद है कि मुझे यहां से आशीर्वाद मिलेगा। वहीं, भाजपा उम्मीदवार सुब्रत पाठक के 'भारत बनाम पाकिस्तान मैच' वाले बयान पर अखिलेश ने कहा था, न वे बॉल फेंक पाएंगे, न बैट घूमा पाएंगे, अगर पहली बॉल पर छक्का न मारा तो हम समाजवादी लोग नहीं हैं। हम 6 की 6 बॉल पर छक्का मारेंगे।

Tags:    

Similar News