Banwari Lal Dohre Passed Away: बीजेपी MLC बनवारी लाल दोहरे का लंबी बीमारी के बाद निधन, CM योगी ने जताया शोक

Banwari Lal Dohre Passed Away: एमएलसी बनवारी लाल दोहरे का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। उनका दिल्ली के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। बीते एक महीने से वो बीमार थे साथ ही कई दिनों से कोमा में चल रहे थे।

Update: 2023-02-15 05:29 GMT

बीजेपी MLC बनवारी लाल दोहरे का निधन (फोटो: सोशल मीडिया)

Banwari Lal Dohre Passed Away: यूपी के कन्नौज जिले के रहने वाले भाजपा विधानपरिषद सदस्य (MLC) बनवारी लाल दोहरे का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया है। वह बीमारी के चलते दिल्ली के मैक्स अस्पताल में भर्ती थे। कद्दावर नेता की मौत से जिले के भाजपा नेताओं में शोक की लहर दौड़ गई है। विधायक बनवारी लाल दोहरे मौजूदा समय में भाजपा के एमएलसी थे और 3 बार कन्नौज सदर सीट से विधायक रहे हैं। इस कारण भाजपा के संगठन में काफी दबदबा रहा है। एमएलसी के निधन की खबर मिलते ही जिले में शोक की लहर दौड़ गई है। भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं का उनके पैतृक आवास पर जमावड़ा लगना शुरू हो गया है। लोग उनके अंतिम दर्शन की प्रतीक्षा कर रहे है। उनका पार्थिव शरीर दिल्ली से कन्नौज लाया जा रहा है।

सीएम योगी ने एमएलसी के निधन पर दुख जताते हुए ट्वीट कर लिखा कि उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सदस्य व वरिष्ठ भाजपा राजनेता श्री बनवारी लाल दोहरे जी का निधन अत्यंत दु:खद है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिवार के साथ हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान व शोकाकुल परिजनों को यह दुःख सहने की शक्ति दें। ॐ शांति! 

भाजपा के वर्तमान एमएलसी डाहलेपुर गांव निवासी 73 वर्षीय बनवारी लाल दोहरे लंबे समय से बीमार चल रहे थे। पिछले कई दिनों से वह कोमा में भी थे। उनका दिल्ली के मैक्स अस्पताल में इलाज चल रहा था। इलाज के दौरान मंगलवार देर रात उनका निधन हो गया। एमएलसी के निधन की खबर मिलते ही सुबह से ही उनके समर्थक, कार्यकर्ता और बीजेपी पदाधिकारियों ने उनके पैतृक आवास पर पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधाते हुए शोक संवेदनाएं प्रकट की। परिजनों के अनुसार, बुधवार की दोपहर तक उनका पार्थिव शरीर दिल्ली से पैतृक आवास पहुंचेगा।

कन्नौज की सदर सीट से तीन बार रहे भाजपा विधायक

बनवारी लाल दोहरे संघ विचारधारा के थे। उनकी संघ में अच्छी पकड़ थी। वह कन्नौज सदर सीट पर लगातार तीन बार विधायक रहे थे। उन्होंने साल 1991 में भाजपा की टिकट से सदर सीट पर विधायक का चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। तब पहली बार सदर सीट पर बीजेपी ने जीत हासिल की थी। इसके बाद 1993 व 1996 तक भाजपा से बनवारी लाल दोहरे विधायक रहे। साल 2022 में बीजेपी ने उन्हें उत्तर प्रदेश विधान परिषद का प्रत्याशी बनाया था। बनवारी लाल दोहरे निर्विरोध निर्वाचित हुए थे। 

Tags:    

Similar News