Kanpur Dehat News: योगी सरकार की पुलिस ने फिर की अनसुनी, महिला ने डाला खुद पर केरोसिन, आत्महत्या का प्रयास

Kanpur Dehat News: उत्तर प्रदेश पुलिस की अनसुनी पर महिला ने खुद पर कैरोसिन डालकर आत्महत्या का प्रयास किया। घटना कानपुर देहात की ही है।

Report :  Manoj Singh
Update: 2023-02-23 05:56 GMT

Kanpur Dehat News: कानपुर देहात के थाना मंगलपुर क्षेत्र के जलिहापुर गांव में रास्ते की जमीन पर विवाद को लेकर एक महिला ने खुद पर केरोसिन डालकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। घटना की भनक लगते ही तत्काल मौके पर पहुंची थाना मंगलपुर पुलिस ने महिला को हिरासत में लिया है। एक बार फिर मडौली कांड होने से बच गया।

मिली जानकारी के मुताबिक थाना मंगलपुर क्षेत्र के जलिहापुर गांव में रास्ते की जमीन को लेकर गांव की निवासी मीरा देवी पत्नी अमर सिंह व रचना देवी के बीच में कई महीनों से विवाद चल रहा है। बीती 14 फरवरी को रास्ते की जमीन को लेकर दो पक्ष आपस में भिड़ गए थे, जिसमें रचना देवी गंभीर रूप से घायल हुई थी। पुलिस ने घायल रचना देवी को सामुदायिक स्वास्थ केंद्र झींझक भर्ती कराया था। जहां उसकी नाक की हड्डी टूट गई थी। बुधवार को जमीन के विवाद को लेकर महिला ने खुद पर केरोसिन डालकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। महिला का आरोप है कि कई बार थाना पुलिस को लिखित प्रार्थना पत्र दिया गया बावजूद इसके पुलिस वालो ने न ही मुकदमा दर्ज किया और ना कोई ठोस कार्रवाई की।

इससे परेशान होकर महिला ने खुद पर केरोसिन डालकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। घटना की भनक लगते ही मौके पर पहुंची थाना पुलिस ने महिला को हिरासत में ले लिया। जब महिला ने खुद को जलाने का प्रयास किया तो पूछताछ शुरू की। अब सवाल ये उठता है कि आखिर महिला के पास केरोसीन का तेल कहां से आया और पुलिस ने अभी तक कोई ठोस कार्रवाई क्यों नहीं की। फिलहाल महिला को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की और मेडिकल के लिए भेज दिया गया है।

Tags:    

Similar News