Kushinagar: नकली गुटखा बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़, बड़े नेटवर्क के शामिल होने का अंदेशा, 3 आरोपी अरेस्ट

Kushinagar News: शुरुआती जांच में सामने आया है कि ये लोग रैपर लाकर चंद्रपुर लछिया में नकली गुटखा तैयार करते हैं। फिर, इसे गोरखपुर व दूसरे शहरों में खपाया जाता है। नकली गुटखे के खेल के पीछे कई और लोगों के शामिल होने की आशंका है।

Update: 2023-11-18 16:54 GMT

नकली गुटखा बनाने की फैक्ट्री में छापेमारी करते एसडीएम कप्तानगंज व एस एचओ रामकोला राजू सिंह (Social Media)

Kushinagar News: जिले की रामकोला पुलिस को शनिवार (18 नवंबर) को बड़ी सफलता हाथ लगी। पुलिस ने आज देर शाम चंद्रपुर गांव के टोला लछिया में 'कमला पसंद' ब्रांड का नकली गुटखा बनाने वाली फैक्टरी का भंडाफोड़ किया। फैक्ट्री से तत्काल बना एक बोरा से अधिक गुटखा जब्त किया गया। पुलिस ने मौके से गुटखा तैयार करने में इस्तेमाल होने वाली मशीनें, खाली रैपर, और अन्य सामग्री बरामद कर 3 आरोपियों को हिरासत में लिया है।

छापेमारी में एसडीएम कप्तानगंज व्यास नारायण उमराव, एसएचओ राजू सिंह भारी पुलिस बल के साथ रहे। शुरुआती जांच में सामने आया है कि ये लोग रैपर लाकर चंद्रपुर लछिया में नकली गुटखा तैयार करते हैं, फिर इसे गोरखपुर व दूसरे शहरों में खपाया जाता है। नकली गुटखे के खेल के पीछे कई और लोगों के शामिल होने की आशंका है। पुलिस पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुट गई है।

बंद स्कूल में नकली गुटखा बनाने का करोबार

कुशीनगर के रामकोला थाना क्षेत्र के चंद्रपुर के लछिया दक्षिण टोले पर भानु प्रताप कुशवाहा के बंद निजी स्कूल में लगभग एक माह से अधिक समय से गुटखा बनाने की फैक्टरी चल रही थी। पुलिस ने शनिवार देर शाम छापा मारा। यहां कमला पसंद कंपनी के नकली रैपर, पान मसाला, सुपारी व तैयार नकली गुटखा तथा उसे बनाने के उपकरण के साथ-साथ डेढ़ बोरा ताजा बना गुटखा भी बरामद हुआ।

पुलिस नेटवर्क खंगाल रही

पुलिस सभी सामग्रियों को थाने लायी है। पुलिस ने मौके से सुरेश कुशवाहा तथा नगीना कुशवाहा तथा अग्रसेन कुशवाहा को हिरासत में लिया।आसपास के इलाकों के दुकानदारों को भी सस्ते दामों पर कमला पसंद ब्रांड का नकली गुटखा उपलब्ध कराया जाता था। बाहर से असली गुटखा कंपनी के रैपर को हासिल किया जा रहा था। फिलहाल, पुलिस सभी कड़ियों को जोड़कर पूरे नेटवर्क को खंगाल रही है। उम्मीद है कि जांच में और कुछ सच्चाई सामने आएगी।

Tags:    

Similar News