Leopard In Bahraich: मासूम पर तेंदुए ने किया हमला, मां ने अपनी जान पर खेल बचा ली बेटी की जान

Leopard In Bahraich: बहराइच के गिरदा गांव में बुधवार शाम को तेंदुए ने घर में खेल रही एक बच्ची पर हमला कर दिया। इस हमले में बच्ची बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गई जिसके बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

Published By :  Bishwajeet Kumar
Written By :  Anurag Pathak
Update: 2022-02-02 14:44 GMT

तेंदुआ (फाइल तस्वीर)

Leopard In Bahraich: नानपारा रेंज के गिरदा गांव में बुधवार शाम को घर में खेल रही बालिका पर तेंदुए ने हमला कर दिया। मां ने संघर्ष कर बालिका को तेंदुए से छुड़ाया। परिवार के लोग सीएचसी ले गए। यहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।

बहराइच वन प्रभाग के नानपारा रेंज का गिरदा गांव जंगल से सटा हुआ है। बुधवार शाम को छह बजे गांव निवासी बालिका काजल (5) पुत्री राकेश घर में खेल रही थी। तभी जंगल से निकल कर आए तेंदुए ने घर में छलांग लगा दी। बालिका को तेंदुआ जबड़े में कर बाहर ले जाने लगा। बालिका के शोर मचाने पर मां दौड़ी। तेंदुए से संघर्ष करते हुए मां ने बेटी काजल को छुड़ाया। डंडे से वार किया। इस पर तेंदुआ बालिका को छोड़ जंगल की ओर भाग गया।

तेंदुए के हमले में बालिका गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल बालिका को सीएचसी नानपारा पहुंचाया गया। यहां हालत गंभीर होने पर बालिका को मेडिकल कॉलेज से संबद्ध जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। डीएफओ मनीष सिंह ने बताया कि तेंदुए के हमले में बालिका घायल हुई है। वन क्षेत्राधिकारी राशिद जमील टीम के साथ गांव पहुंच गए हैं। वन कर्मी गांव में गश्त कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों को सजग किया गया है।

सिर में हैं गंभीर निशान

काजल पर तेंदुए ने हमला करते हुए सिर को पकड़ लिया। जिससे बालिका के सिर में तेंदुए के पंजे के गहरे जख्म बन गए हैं। बालिका की हालत बहुत गंभीर बनी हुई है।

गौरतलब है कि बहराइच के इन क्षेत्रों में आए दिन लोगों को तेंदुए के हमले का शिकार होना पड़ता है। इन क्षेत्रों में बहुत दिनों से तेंदुआ का आतंक देखा जा रहा है। इसका सबसे बड़ा कारण यह है कि ये आस-पास के गांव नानपारा रेंज से बिल्कुल सटे हुए हैं। जिस कारण से आए दिन गांव में तेंदुआ लोगों पर हमला कर देते हैं। गिरदा गांव में तेंदुआ के हमले से घायल हुई बालिका को प्रशासन के मदद से नाना पाठ सीएससी में भर्ती करवाया गया है। लेकिन स्थिति गंभीर होने के कारण घायल बालिका को संबद्ध जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया जहां उसका इलाज जारी है।

Tags:    

Similar News