Loksabha Election 2024: पीएम मोदी मेरठ से ही क्यों कर रहे चुनावी शंखनाद, ये है खास वजह

Loksabha Election 2024: लोकसभा चुनाव की तरीखों के ऐलान के बाद पीएम नरेंद्र मोदी उत्तर प्रदेश के मेरठ से चुनावी अभियान की शुरुआत करेंगे।

Written By :  Rajnish Verma
Update: 2024-03-30 12:14 GMT

Loksabha Election 2024: PM Modi (Photo - Social Media)

Loksabha Election 2024: लोकसभा चुनाव - 2024 के लिए मतदान की तारीख जितना नजदीक आ रही है, सियासी गलियारों में गहमा-गहमी और तेज हो रही है। राजनीतिक दलों अपने-अपने चुनाव अभियानों की शुरूआत जोरदार तरीके से कर रहे हैं। लोकसभा चुनाव की तरीखों के ऐलान के बाद पीएम नरेंद्र मोदी उत्तर प्रदेश के मेरठ से चुनावी अभियान की शुरुआत करेंगे। मेरठ में रविवार (31 मार्च) को पीएम मोदी चुनावी रैली को सम्बोधित करेंगे। ऐसे में चर्चा है कि पीएम मोदी ने चुनावी अभियान के लिए पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ को ही क्यों चुना है। आइये जानते हैं खास वजह -

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार (31 मार्च) से अपने चुनाव अभियान की शुरुआत करने जा रहे हैं। उन्होंने इस बार भी अपने चुनाव अभियान की शुरुआत उत्तर प्रदेश से करने का फैसला किया है। बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी हमेशा कहते रहे हैं कि दिल्ली का रास्ता उत्तर प्रदेश से होकर जाता है। इससे साफ जाहिर होता है कि लोकसभा चुनाव की दृष्टि से उत्तर प्रदेश की भूमिका अहम है। देश में सबसे ज्यादा लोकसभा सीटें उत्तर प्रदेश में ही है, यहां 80 सीटें हैं। इन सीटों पर सभी राजनीतिक दलों की नजर रहती है। एनडीए ने इस बार प्रदेश की सभी 80 लोकसभा सीटों पर जीत हासिल करने का लक्ष्य रखा है, हालांकि बीते लोकसभा चुनाव 2014 में 71 और 2019 में 64 सीटें ही जीतने में कामयाब हो पाई थी। ऐसे में कहा जा सकता है कि सभी सीटें जीतने का मतलब दो पत्थरों के बीच दूब उगाने जैसा ही है। हालांकि ये तो मतदान के बाद ही पता चल सकेगा, कि किस राजनीतिक दल को कितनी सीटों पर कामयाबी मिली है।


राम मंदिर मुद्दे को भुनाने की कोशिश में भाजपा

राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक, इस बार के चुनाव में राम मंदिर के मुद्दे भुनाने के लिए भारतीय जनता पार्टी पूरी कोशिश करेगी। इसी कड़ी में भारतीय जनता पार्टी ने अरुण गोविल को मेरठ से चुनाव मैदान में उतारा हैं। ये वही अरुण गोविल हैं, जिन्होंने रामानंद सागर कृत धारावाहिक 'रामायण' में भगवान राम का किरदार निभाया था। इसके बाद से ही अरुण गोविल प्रसिद्ध हो गए थे, और जनता की नजरों में उनका काफी सम्मान है। अब प्रधानमंत्री मोदी उनके क्षेत्र से अपने चुनाव अभियान की शुरुआत करेंगे तो इसका सीधा असर रामभक्तों पर पड़ेगा। बता दें कि भाजपा ने मेरठ से मौजूदा सांसद राजेन्द्र अग्रवाल का टिकट काट दिया है, उनकी जगह अरुण गोविल को उम्मीदवार बनाया है।

भाजपा को मिलेगा चुनाव में बड़ा फायदा!

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी की रैली के लिए भारतीय जनता पार्टी सहित उसके सहयोगी दल काफी जोर-शोर से जुटे हुए हैं। इस रैली में किसान, नौजवान सहित तमाम लोगों को जुटाने की कोशिश हो रही है। बता दें कि जाट बहुल पश्चिमी उत्तर में राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) का भी काफी प्रभाव माना जाता है, इस बार रालोद ने भारतीय जनता पार्टी के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ने का फैसला किया है, ऐसे में भाजपा को चुनाव में बड़ा फायदा हो सकता है। यही नहीं, राष्ट्रीय लोकदल के संस्थापक और किसानों का मसीहा कहे जाने वाले चौधरी चरण सिंह को केंद्र सरकार ने भारत रत्न से सम्मानित किया है।

Tags:    

Similar News