लखनऊ में फीडर बसों की तरह जल्द चलेंगी सिटी बसें

सिटी परिवहन की बसें जल्द ही राजधानी लखनऊ में फीडर बसों की तरह यात्रियों को मेट्रो स्टेशन तक पहुंचाएंगी। इसके लिए लखनऊ मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (एलएमआरसी) और सिटी परिवहन के बीच बातचीत अंतिम दौर में चल रही है।

Update: 2019-03-25 14:27 GMT

लखनऊ: सिटी परिवहन की बसें जल्द ही राजधानी लखनऊ में फीडर बसों की तरह यात्रियों को मेट्रो स्टेशन तक पहुंचाएंगी। इसके लिए लखनऊ मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (एलएमआरसी) और सिटी परिवहन के बीच बातचीत अंतिम दौर में चल रही है।

सिटी परिवहन के प्रबंध निदेशक आरिफ सकलैन ने सोमवार को बताया कि यात्रियों को मेट्रो स्टेशन तक पहुंचाने के लिए एलएमआरसी ने मदद मांगी है। जल्द ही सिटी बसें फीडर बसों की तरह राजधानी में चलेंगी। उन्होंने बताया कि सबसे पहले मुंशी पुलिया मेट्रो स्टेशन तक सिटी बसें चलाई जाएंगी। शुरुआत में यहां से छह बसें चलेंगी, जो शहर के विभिन्न रूटों से होकर मेट्रो स्टेशन तक जाएंगी। मेट्रो स्टेशन से ये बसें अधिकतम छह से आठ किलोमीटर की दूरी तय करेंगी।

यह भी देखें:-मितरों! किसानों की खुशियों के आड़े नहीं आएगा लोकसभा चुनाव…लेकिन !

प्रबंध निदेशक ने बताया कि लखनऊ के हजरतगंज और हुसैनगंज के लिए भी नए रूट पर बसों के संचालन की योजना बनाई जा रही है। यहां पर खासतौर पर स्कूल,सरकारी दफ्तर और बाजार पर फोकस किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि राजधानी के मेट्रो स्टेशनों तक यात्रियों को पहुंचाने के लिए सिटी बसों के रूट में जल्द ही परिवर्तन किया जाएगा।

इसके लिए बातचीत अंतिम दौर में चल रही है। एलएमआरसी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि राजधानी के विभिन्न इलाकों से सिटी बसों का संचालन मेट्रो स्टेशनों तक किया जाए तो यात्रियों को ट्रेन पकड़ने में बहुत आसानी होगी। साथ ही सिटी परिवहन का राजस्व भी बढ़ेगा।

यह भी देखें:-‘पासा पलटने वाला’ साबित होगा ‘चिनूक’, चार हेलीकॉप्टर वायुसेना में शामिल

उन्होंने बताया कि लखनऊ में सभी मेट्रो स्टेशन मार्केट के पास बने हैं। मेट्रो ने यात्रियों से फीडबैक लिया था। फीडबैक के अनुसार यदि यात्रियों को मेट्रो स्टेशन तक जाने के लिए साधन मिले तो उनका सफर आसान हो जाएगा। अभी यात्रियों को मेट्रो स्टेशन तक पहुंचने के लिए साधन नहीं मिल रहे हैं। ऐसे में यात्री ऑटो व टेम्पो आदि वाहनों से मेट्रो स्टेशन जा रहे हैं।

दरअसल, बादशाह नगर, भूतनाथ, मुंशी पुलिया, हजरतगंज, हुसैनगंज, सचिवालय, चारबाग, आईटी, एलयू, आलमबाग बस टर्मिनल जैसे अधिकांश मेट्रो स्टेशन काफी भीड़भाड़ वाले इलाके में हैं। यहां पर जाने के लिए यात्रियों को अभी साधन नहीं मिल रहे हैं। इन रूटों पर सिटी बसों के संचालन से यात्रियों का मेट्रो तक पहुंचना आसान हो जाएगा।

Tags:    

Similar News