Lucknow: मां कर रही थी झाड़ू-पोछा, बेटी खेलते-खेलते 18वीं मंज़िल से गिरी, हुई मौत

Lucknow News: बच्ची खेलते हुए जीने के पास गयी और जीने के खाली जगह से सीधे बेसमेंट में जा गिरी। मौके पर ही उसकी मौत हो गयी।

Report :  Shashwat Mishra
Update: 2022-09-21 02:13 GMT

18वीं मंज़िल से गिरी मासूम ((Photo: Ashutosh Tripathi Newstrack)

Lucknow News: राजधानी के सुशान्त गोल्फ सिटी क्षेत्र में शहीदपथ स्थित ओमेक्स रेजीडेंसी में मंगलवार शाम 18वीं मंजिल से गिरकर मासूम तान्या चौरसिया (साढ़े तीन वर्ष) की मौत हो गई। घटना के समय मां एक फ्लैट में झाड़ू-पोछा कर रही थीं। बच्ची खेलते हुए जीने के पास गयी और जीने के खाली जगह (गैप) से सीधे बेसमेंट में जा गिरी। मौके पर ही उसकी मौत हो गयी।

इंस्पेक्टर सुशांत गोल्फ सिटी शैलेंद्र गिरी ने बताया कि बच्ची की मां पूनम चौरसिया मूलरूप से हरदोई जनपद के अतरौली गौरिया कला की रहने वाली है और घरों में झाड़ू-पोछा कर जीविका चलाती है। शाम पूनम हमेशा की तरह बच्ची को साथ लेकर ओमेक्स रेजीडेंसी दो के टावर नंबर-20 और फ्लैट संख्या -1802 में रहने वाली अपर्णा गुप्ता के यहां काम करने गई थी। पूनम बच्ची को फ्लैट में छोड़कर काम करने लगी। इस बीच बच्ची फ्लैट से बाहर निकल गई। खेलते-खेलते बच्ची जीने की रेलिंग के गैप से बेसमेंट में जा गिरी। बच्ची के गिरने की आवाज सुनकर पार्किंग में बैठा गार्ड दौड़ा। बच्ची को खून से लथपथ देख उसने शोर मचाया। घटना की जानकारी होते ही पूनम भी नीचे आई। इंस्पेक्टर ने बताया कि बच्ची के पिता बृजकिशोर प्राइवेट नौकरी करते है। बच्ची के परिजन उसका पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहते है। इसलिए पंचनामा भरकर शव परिजनों के हवाले कर दिया।

18वीं मंज़िल से गिरी मासूम (Photo: Ashutosh Tripathi Newstrack)

मौत की खबर सुनते मां हुई अचेत

अपनी मासूम बेटी की मौत की खबर सुनते ही पूनम अचेत होकर फर्श पर गिर पड़ी। पूनम की हालत बिगड़ती देख मालकिन अपर्णा और आसपास खड़े अन्य लोगों ने पानी की छींटे डालकर उसे होश में किया और ढांढस बढाई। पूनम ने बताया कि वह शाम को काम करने के लिए आयी थी। घर के अंदर झाड़ू-पोछा लगा रही थीं। बेटी घर में ही खेल रही थी। बेटी अचानक कब बाहर निकल गई। इसकी जानकारी उन्हें नहीं हुई। बेटी खेलते-खेलते जीने की रेलिंग के गैप से भूतल पर जा गिरी।

निर्माण कार्य में दोष होने से हुआ हादसा

ओमेक्स रेजीडेंसी में रहने वाले कुछ लोगों ने बताया कि जीने और रेलिंग के बीच काफी गैप है, जो सुरक्षा की दृष्टि से खतरनाक है। जीने से उतरने के दौरान गिरने का खतरा हमेशा बना रहता है। रेलिंग में जो सरिया लगी है, उसके बीच भी काफी गैप है। इससे बच्चों के गिरने का खतरा हमेशा बना रहता है। यहां सुरक्षा के नजरिये से हर फ्लोर पर जाल बांधने की आवश्यकता है।

Tags:    

Similar News