Lucknow Weather Today: सावधान! यूपी में बारिश का हाई अलर्ट, कुछ ही देर में भारी बारिश और तुफान की चेतावनी

Lucknow Weather Today 23 April 2023: लखनऊ में मौसम खुशनुमा बना है। रविवार को आसमान में बादलों की आवाजाही लगी रहेगी। हवाएं तपिश वाली गर्म थपेड़ों से राहत देगी। प्रदेश के कई जिलों में बूंदाबांदी की संभावना है।

Update: 2023-04-23 05:30 GMT
Lucknow Mein Aaj Ka Mausam Kaisa Rahega: प्रतीकात्मक चित्र (Social Media)

Lucknow Weather Today 23 April 2023: राजधानी लखनऊ समेत प्रदेशभर के सभी जिलों में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) नें लखनऊ समेत उत्तर प्रदेश के कई जनपदों के लिए अलर्ट जारी किया है। आइएमडी के मुताबिक अगले 3 घंटों में मध्यम गरज के साथ तूफान आने की संभावना है। सुरक्षित रहने के लिए घर में ही रहें। अनावश्यक बाहर न निकलें। आज रात में तूफ़ान आने की भी आशंका है।

तेज हवाओं और कई इलाकों में बारिश की वजह से अधिकतम तापमान में गिरावट आई है। हालांकि, न्यूनतम तापमान में तो कोई खास फर्क नहीं पड़ा है। मौसमी बदलाव से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। आसमान में बादलों की आवाजाही लगी है, जिससे तेज चिलचिलाती धूप से कुछ समय के लिए ही सही सुकून मिला।

इस हफ्ते राजधानी लखनऊ का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। लेकिन मौसम में बदलाव से करीब 6 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। राजधानी में न्यूनतम तापमान भी 24 डिग्री तक आ गया। पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) की वजह से उत्तर प्रदेश में मौसमी बदलाव नजर आ रहा है। इसी कारण बारिश और हवाओं का असर भी बरकरार है। लखनऊ सहित आसपास के जिलों में गर्मी से राहत मिली है।

लखनऊ में आज भी मौसम रहेगा सुहावना

लखनऊ की फिजा बदली-बदली सी है। हवा में नरमी महसूस हो रही है। तपिश वाली हवा और धूप से शहरवासियों को राहत मिली है। शुक्रवार और शनिवार को लखनऊ का मौसम सुहावना बना रहा। आंचलिक मौसम विभाग का कहना है कि, रविवार (23 अप्रैल) को भी ऐसा ही रहेगा। छुट्टी का दिन होने के कारण सैलानियों को घूमने-फिरने में दिक्कतें नहीं पेश आएगी। 23 अप्रैल को लखनऊ का अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम 25 डिग्री के आसपास रह सकता है।

26 अप्रैल तक बूंदाबांदी होने की संभावना

आंचलिक मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी, बरेली और मेरठ का तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास ही रहेगा। जबकि न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के करीब रहने का अनुमान है। चन्द्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, कानपुर के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि, 26 अप्रैल तक हल्की बूंदाबांदी की संभावना बनी हुई है।

लखनऊ सहित इन 20 जिलों में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने 23 अप्रैल को 20 जिलों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। जिन जिलों के लिए बारिश का येलो अलर्ट जारी हुआ है उनमें - लखनऊ, सहारनपुर, शामली, अमरोहा, मेरठ, हापुड़, बागपत, बुलंदशहर, गाजियाबाद, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, पीलीभीत, हरदोई, सीतापुर, बहराइच, लखीमपुर खीरी, श्रावस्ती, गोंडा और बाराबंकी है। इस दौरान 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का भी अनुमान है।

Tags:    

Similar News