Lucknow Weather Today: लखनऊ में कड़ाके की सर्दी, नोएडा से गोरखपुर तक घना कोहरा, हो सकती है बारिश

Lucknow Ka Mausam 31 December 2022: यूपी के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। बर्फीली हवाओं की रफ्तार कम होते ही प्रदेश में कोहरे का कहर दिखने लगा है।

Written By :  aman
Update:2022-12-31 06:41 IST

 प्रतीकात्मक चित्र (Social Media)

Lucknow Ka Mausam 31 December 2022: उत्तर प्रदेश के सभी जिले कड़ाके की ठंड की चपेट में हैं। मौसम विभाग के अनुसार, पहाड़ों पर पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) एक्टिव हो चुका है। जिसका मतलब है जल्द ही पहाड़ों पर भारी बर्फबारी हो सकती है। IMD के अनुसार, आने वाले दिनों में मैदानी इलाकों में बारिश भी हो सकती है। वहीं, कोहरे और ठंडी हवाओं में बढ़त के साथ मौसम एक बार फिर बदल गया है। पूर्वांचल से पश्चिमी यूपी और बुंदेलखंड से तराई वाले इलाकों तक में ठिठुरन वाली सर्दी पड़ रही है।

पश्चिमी विक्षोभ के कारण बर्फीली हवाओं का प्रभाव कुछ कम हुआ है। लेकिन, कोहरे की चादर ने सब कुछ ढक रखा है। शीतलहर का असर पूरे प्रदेश में देखने को मिल रहा है। कुछेक जगहों पर आसमान में बादल भी दिखाई दे रहे हैं। आंचलिक मौसम विभाग की ओर से कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी के भी आसार जताए गए हैं। बारिश के बाद ठंड में और इजाफा होगा। न्यू ईयर में लोगों को और कंपकंपाती ठंड का सामना करना पड़ेगा। नए साल के पहले दिन से ठिठुरन फिर बढ़ेगी। 2 और 3 जनवरी को शीतलहर का अनुमान है।


लखनऊ में सर्दी बनी आफत, घर से निकलना मुश्किल

यूपी की राजधानी लखनऊ में शुक्रवार को सुबह से ही ठंड का कहर देखने को मिला। कमोबेश यही हालत नोएडा से गोरखपुर तक देखने को मिली। वेस्ट यूपी हो या पूर्वांचल, कोहरे का सितम जारी है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण पूर्वांचल से पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक सर्द हवाओं ने पारा नीचे ला दिया। रही-सही कसर कोहरे की चादर ने पूरी कर दी। आसमान में बादलों का असर दिख रहा है। मौसम विभाग की मानें तो कुछ जगहों पर बूंदाबांदी भी हो सकती है। इसके बाद ठंड में और इजाफा होगा। दरअसल, बुधवार और गुरुवार को तेज ठंडी हवाओं के कारण कोहरा थोड़ा कम रहा। मगर, अब एक बार फिर सड़कों पर निकलना मुश्किल हो गया है।

कोहरा का कहर रहेगा जारी

लखनऊ में शनिवार (31 दिसंबर) सुबह कोहरे में लिपटी रही। सड़कों पर गाड़ियां रेंगती नजर आई। हालात ऐसे रहे कि एक लेन से दूसरी लेन में चलती गाड़ियों को देखना मुश्किल हो रहा था। वाहन चालक डिपर की मदद से गाड़ी चलाते दिखे। मगर दिन चढ़ने के साथ दृश्यता (Visibility) में सुधार हुआ। राजधानी लखनऊ में शनिवार को भी दिन में 5 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलती रहेगी। शनिवार को अधिकतम तापमान 22 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। शीतलहर शुरू होने की संभावना जताई जा रही है। आज भी सुबह और शाम में कोहरे का प्रभाव रहेगा।


नए साल में और ठिठुरेंगे आप

आंचलिक मौसम विभाग की मानें तो प्रदेश में शनिवार और रविवार को तापमान और गिरेगा। नए साल के पहले हफ्ते में घना कोहरा रहने का पूर्वानुमान है। भीषण ठंड के बीच यूपी के कई इलाकों में स्कूलों की छुट्टी कर दी गई है। एनसीआर क्षेत्र नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाज़ियाबाद में भी गलन वाली ठंड पड़ रही है। मेरठ, बरेली, शाहजहांपुर, बुलंदशहर, मुज़फ्फरनगर और सहारनपुर में तापमान बहुत नीचे जा चुका है। बिना अलाव या रूम हीटर जीना मुश्किल हो गया है। दरअसल, पश्चिमी विक्षोभ यूपी के ऊपर से गुजर रहा है, ऐसे में दो दिन पारा चढ़ेगा में इजाफा होगा। लेकिन, शनिवार को विक्षोभ के गुजरने के बाद पश्चिमी हवाएं फिर सक्रिय होंगी। जिससे तापमान में एक बार फिर गिरावट दर्ज की जाएगी। नया साल सर्दी के सितम में ही बीतेगा।

Tags:    

Similar News