Lucknow Weather Today: लखनऊ में बदल रहा मौसम का मिजाज, दिन में धूप से राहत तो रात में सर्द हवाओं से आफत

Lucknow Ka Mausam 04 February 2023: लखनऊ में सर्द हवाओं ने एक बार फिर ठंड बढ़ा दी है। रात के समय लोगों की कंपकंपी छूट रही है। दिन में धूप से राहत जरूर मिल रही है।

Written By :  aman
Update: 2023-02-04 01:44 GMT

प्रतीकात्मक चित्र (Social Media)

Lucknow Ka Mausam 04 February 2023: यूपी की राजधानी लखनऊ का मौसम लगातार करवटें ले रहा है। राजधानीवासियों को दिन के वक़्त धूप में गर्मी लग रही है तो शाम होते ही घरों में दुबकने को मजबूर होना पड़ता है। आंचलिक मौसम विभाग की मानें तो इन दिनों रात का अधिकतम तापमान एक बार फिर 9 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह रहा है। लखनऊ में इन दिनों तापमान में बड़ा उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है।

राजधानी लखनऊ में इस बीच न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस तक चला गया था। जो अब गिरकर एक बार फिर 10-11 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा है। शनिवार (04 फरवरी) को न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस तक रहेगा, जबकि अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान है।

सर्द हवाओं ने गिराया पारा, रात में छूट रही कंपकंपी

पहाड़ों की बर्फबारी का असर उत्तर प्रदेश के मौसम पर साफ देखा जा रहा है। जाती हुई ठंड फिर वापस लौट आई है। सुबह और रात के समय लोगों को कंपकंपाहट का अहसास हो रहा है। राजधानी का मौसम देखकर लग रहा है, फरवरी के शुरुआती दिन जनवरी की तर्ज पर ही हुई है। हालांकि, दिन में धूप निकलने से लोगों को ठंड से राहत जरूर मिल रही है। मगर, रात बढ़ने के साथ ही सर्द हवाओं का असर तापमान में गिरावट के तौर पर देखा जा रहा है।

पहाड़ों पर बर्फबारी का मैदान में असर

लखनऊ मौसम विभाग के वैज्ञानिक मो. दानिश का कहना है कि, पूरे फरवरी महीने मौसम में इसी तरह उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और पड़ोसी राज्य उत्तराखंड के पहाड़ों पर बर्फबारी जारी है। जब तक वह थम नहीं जाती, तब तक रात का न्यूनतम तापमान गिरेगा। हालांकि, राहत की बात है कि दिन में मौसम साफ रहेगा। राजधानी सहित प्रदेश के अन्य जिलों में भी दिन और रात के तापमान में अंतर बढ़ने लगा है। लखनऊ से लेकर नोएडा और गाजियाबाद तक अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बड़ा अंतर देखा जा रहा है। ऐसे ही हालात पूर्वांचल के जिलों के भी हैं।

लखनऊ में दोपहर को रहेगी खिली धूप

लखनऊ में शुक्रवार को सुबह से ही खिली धूप देखने को मिली। खिली धूप ने दिन के समय लोगों को ठंड से राहत दी। शाम होते ही पहाड़ों से चलने वाली हवाओं का असर दिखने लगा। तापमान में गिरावट हुई। ज्यों-ज्यों रात होने लगी ठंडी बढ़ने लगी। राजधानी लखनऊ में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं, अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा। 

अन्य जिलों का ये है हाल 

प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलावा बाराबंकी का न्यूनतम तापमान 8-9 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह रहा है। इसी तरह हरदोई (Hardoi Weather), कानपुर (Kanpur Weather News), एटा और वाराणसी में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस के करीब है। इसी तरह प्रयागराज और बुंदेलखंड के इलाके, मेरठ और आगरा में भी न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस के आसपास ही है।

Tags:    

Similar News