Lucknow : डॉयल 112 की महिला कर्मियों ने खत्म की हड़ताल, अखिलेश-डिंपल संग मनाई दिवाली

Dial 112: लखनऊ के इको गार्डन में धरने पर बैठीं डॉयल 112 की महिला कर्मियों ने हड़ताल खत्म कर दी। घर लौटने से पहले अखिलेश यादव और डिंपल यादव संग दिवाली मनाई।

Written By :  Krishna Chaudhary
Update: 2023-11-13 04:39 GMT

Photo (Social Media)

Lucknow: यूपी पुलिस की डॉयल 112 सेवा में काम करने वाली लड़कियों ने आखिरकार रविवार को अपनी हड़ताल मांगों के बगैर पूरा हुए खत्म कर दी। सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव से फोन पर बातचीत के बाद उन्होंने अपना घरना खत्म करने का निर्णय लिया। राजधानी इको गार्डन में प्रदर्शन कर रही लड़िकयां अब अपने घर लौट चुकी हैं। घर जाने से पहले उन्होंने सपा मुखिया के आधिकारिक आवास पर अखिलेश और डिंपल संग दिवाली मनाई।

अखिलेश ने डॉयल 112 सेवा में काम करने वाली लड़कियों को पूरा समर्थन देने का वादा किया। उन्होंने कहा कि सत्ता में आने पर उनकी मांगें पूरी की जाएंगी। वहीं, इस दौरान उन्होंने योगी आदित्यनाथ सरकार पर भी जमकर निशाना साधा। दरअसल, पिछले कई दिनों से वेतन में बढ़ोतरी और नियुक्ति पत्र की मांग को लेकर डॉयल 112 सेवा की महिला कर्मी धरने पर बैठी थीं।

सपा नेता पूजा शुक्ला ने खत्म कराई हड़ताल

लखनऊ में हड़ताल पर बैठीं डॉयल 112 की महिला कर्मियों से सपा नेता पूजा शुक्ला लगातार संपर्क में थीं। उन्होंने ही उनकी अखिलेश यादव से बात कराई थी। सपा प्रमुख से बातचीत और आश्वासन के बाद लड़कियां धरना खत्म कर घर जाने को तैयार हुईं। बता दें कि सपा नेत्री को पुलिस ने गिरफ्तार भी किया था। लगभग छह घंटे तक थाने में बैठाए रखने के बाद उन्हें छोड़ दिया गया था।



 अखिलेश-डिंपल संग मनाई दिवाली

धरना समाप्त कर घर लौटने से पहले महिला कर्मियों ने अखिलेश यादव और उनकी सांसद पत्नी डिंपल यादव संग उनके आवास पर दिवाली मनाई। सपा नेता की ओर से इसकी तस्वीर भी सोशल मीडिया पर शेयर की गई। उन्होंने एक्स पर लिखा, इस बार हमने अपने घर पर ‘डायल 100’ की संघर्षरत बहनों के साथ, एक परिवार की तरह दीवाली मनाई और उन्हें आश्वस्त किया कि सपा ‘डायल 100’ की बहनों के संघर्ष की आवाज़ बनेगी।

साथ ही इस संवेदनात्मक-संकल्प के दीप भी जलाए कि उनके साथ, बिना किसी दुर्भावना के सच्चा न्याय सुनिश्चित हो। ‘संवेदना’ समाजवादी मूल्यों की भावनात्मक-कोख होती है, जिससे समाज के शोषितों के लिए सद्भावना जन्म लेती है। अपने एक अन्य ट्वीट में सपा प्रमुख ने प्रदेश सरकार पर शिक्षक भर्ती घोटाले को लेकर निशाना साधा। उन्होंने लिखा, PDA की सत्ता आयेगी, सामाजिक न्याय की रोशनी लाएगी!

इससे पहले अखिलेश यादव ने अयोध्या में दीपोत्सव को लेकर भी योगी सरकार को घेरा था। उन्होंने एक्स पर एक वीडियो शेयर करते हुए सरकार पर तंज कसा था। सपा मुखिया ने लिखा था, जहाँ ग़रीबी दीयों से तेल ले जाने के लिए मजबूर करे, वहाँ उत्सव का प्रकाश धुंधला हो जाता है। हमारी तो यही कामना है कि एक ऐसा पर्व भी आये, जिसमें सिर्फ़ घाट नहीं, हर ग़रीब का घर भी जगमगाए।



Tags:    

Similar News