Lucknow News: 1090 चौराहे पर बना गोमती पार्क फिर होगा गुलजार, तीन साल बाद दोबारा संचालित होगा म्यूजिकल फाउन्टेन

Lucknow News: उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने सबसे पहले गोमती पार्क का निरीक्षण किया। जहां आगंतुकों की संख्या काफी कम मिलने पर उन्होंने सम्बंधित अधिकारियों से जवाब तलब किया।

Written By :  Santosh Tiwari
Update:2024-10-16 18:59 IST

एलडीए वीसी ने किया निरीक्षण: Photo- Newstrack

Lucknow News: 1090 चौराहे पर बना गोमती पार्क एक बार फिर गुलजार होगा। इसके लिए पार्क में तीन साल से बंद पड़े म्यूजिकल फाउन्टेन को दोबारा शुरू किया जाएगा। लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बुधवार को गोमती पार्क का निरीक्षण करके तीन दिन के अंदर म्यूजिकल फाउन्टेन को संचालित कराने के निर्देश दिये। इसके अलावा समतामूलक व 1090 चौराहे का सौंदर्यीकरण कराने के निर्देश दिये गये। जिसके तहत दोनों चौराहे पर फसाड लाइटिंग व लैण्डस्केप के साथ हाॅर्टीकल्चर के आकर्षक कार्य कराये जाएंगे।

उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने सबसे पहले गोमती पार्क का निरीक्षण किया। जहां आगंतुकों की संख्या काफी कम मिलने पर उन्होंने सम्बंधित अधिकारियों से जवाब तलब किया। पता चला कि पार्क में स्थापित म्यूजिकल फाउन्टेन तीन साल से बंद है, जिसके चलते ज्यादा लोग यहां घूमने नहीं आते हैं। इस पर उपाध्यक्ष ने निर्देश दिये कि तीन दिन के अंदर म्यूजिकल फाउन्टेन को पुनः चालू करवाया जाए। यहां प्रवेश टिकट की दर को पूर्व की भांति 25 रूपये ही रखा जाए और शाम 7ः00 बजे से रात 9ः00 बजे तक फाउन्टेन संचालित किया जाए।

इसके बाद उन्होंने 1090 चौराहे के खण्ड-1, 2 एवं 3 में बने पार्कों का निरीक्षण किया। जहां पाथ-वे पर गंदगी पायी गयी, साथ ही पार्क में लगी घास की कटिंग नहीं की गयी थी। इसके अलावा पार्कों में लगी लाइटें भी खराब पायी गयीं। इस पर उपाध्यक्ष ने व्यवस्थापकों को कड़ी फटकार लगाते हुए एक सप्ताह के अंदर व्यवस्था सुधारने का अल्टीमेटम दिया। उन्होंने हिदायत दी कि अगर निर्धारित समय में कमियों को दूर नहीं किया गया तो सम्बंधित अधिकारियों व कर्मचारियों का वेतन रोक दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि वूमन पावर लाइन के कार्यालय में लगे स्मारक समिति के सफाई कर्मियों को वहां से हटाकर वाह्य क्षेत्र की साफ-सफाई के कार्य में लगाया जाए। 

रिवर फ्रंट को आम जनता के लिए बनाया जाएगा उपयोगी

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने गोमती रिवर फ्रंट के 6 किलोमीटर लंबे स्ट्रेच का निरीक्षण किया। जहां उन्होंने निर्देश दिये कि गोमती बैराज से लेकर डालीगंज पुल तक रिवर फ्रंट को 500-500 मीटर के क्लस्टर में बांटा जाए। प्रत्येक क्लस्टर को आम जनता के लिए उपयोगी बनाते हुए किड्स जोन, प्ले-एरिया व पार्किंग विकसित किया जाए। साथ ही अलग-अलग प्रकार की मनोरंजक गतिविधियां संचालित करायी जाएं। जिसके लिए विस्तृत प्रस्ताव तैयार कराके जल्द से जल्द निविदा आमंत्रित की जाए।

अमृत वाटिका को आम जनता के लिए खोला जाएगा

उपाध्यक्ष ने हनुमान सेतु के पास एलडीए द्वारा निर्मित की गयी अमृत वाटिका का निरीक्षण किया। जहां उन्होंने निर्देश दिये कि अमृत वाटिका में प्रवेश टिकट की दर निर्धारित करते हुए इसे आम जनता के लिए खोल दिया जाए। जिससे कि लोग अपने परिवार के साथ यहां घूमने आ सकें। इस मौके पर उद्यान अधिकारी शशि कुमार भारती, डाॅ0 भीमराव अम्बेडकर सामाजिक परिवर्तन स्थल के प्रबंधक यमन हफीज, सहायक उद्यान अधिकारी मो0 इमरान व सहायक अभियंता विशाल यादव समेत अन्य अधिकारी व अभियंता उपस्थित रहे।

Tags:    

Similar News