Lucknow News: शीरोज़ कैफ़े में मना अखिलेश का जन्मदिन, जनेश्वर मिश्र पार्क में सपा नेताओं ने मछलियों को खिलाए दाने
Lucknow News: सोमवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व कन्नौज लोकसभा से सांसद अखिलेश यादव का जन्मदिन कार्यकर्ताओं ने पार्टी कार्यालय समेत विभिन्न स्थानों पर धूमधाम से मनाया।;
मछलियों को दाना खिलाते सपा नेता व शीरोज़ हैंगऑउट कैफ़े में मनाया गया अखिलेश का जन्मदिन। Photo- Newstrack
Lucknow News: सोमवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व कन्नौज लोकसभा से सांसद अखिलेश यादव का जन्मदिन कार्यकर्ताओं ने पार्टी कार्यालय समेत विभिन्न स्थानों पर धूमधाम से मनाया। इसी कड़ी में राजधानी के गोमती नगर स्थित शीरोज़ हैंगऑउट कैफ़े में एसिड अटैक सर्वाइवर्स ने केक काटकर अखिलेश को जन्मदिन की बधाई दी। इस मौके पर समाजवादी पार्टी के नेता पवन मनोचा भी उनके साथ मौजूद रहे।
वहीं, सपा प्रवक्ता फ़ख़रुल हसन चाँद ने अखिलेश यादव को जन्मदिन की बधाई दी और उनके कुशल स्वास्थ्य एवं लम्बी उम्र की कामना करते हुए गोमती नगर के जनेश्वर मिश्र पार्क स्थित झील में मछलियों को दाने खिलाए। इस मौके पर उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव प्रदेश के साथ ही अब देश के बड़े नेताओं में से एक हैं। सभी समाजवादी साथी उनके अच्छे स्वास्थ्य की कामना करते हैं।
पार्टी कार्यालय पर हुए कई आयोजन
इसके पहले विक्रमादित्य मार्ग स्थित समाजवादी पार्टी के प्रदेश कार्यालय पर भी विभिन्न आयोजन हुए। जहाँ सबसे पहले पूर्व कैबिनेट मंत्री व प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी, सुल्तानपुर के लम्भुआ से पूर्व विधायक संतोष पांडेय समेत सपा के विभिन्न नेताओं ने केक काटकर अखिलेश को जन्मदिन की बधाई दी। वहीं, कार्यालय के बाहर कार्यकर्ताओं की ओर से बड़ी संख्या में भंडारों का भी आयोजन किया गया। जहाँ बड़ी संख्या में लोगों ने विभिन्न प्रकार के व्यंजनों का स्वाद चखा। अपने जन्मदिन के उपलक्ष्य पर आज अखिलेश यादव ने कार्यालय में मुलायम सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया साथ ही 'पीडीए पेड़' अभियान भी शुरू किया। इस अभियान के तहत प्रदेश के प्रत्येक गांव में सपा कार्यकर्ता व पदाधिकारी पर्यावरण की रक्षा हेतु पेड़ लगाएंगे।
अखिलेश ने कार्यकर्ताओं से की मुलाकात
जन्मदिन के अवसर पर अखिलेश यादव लखनऊ समेत प्रदेश भर से पहुंचे सपा कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। वहीं, कार्यकर्ताओं ने भी अपने नेता को बधाई स्वरूप विभिन्न उपहार भेंट किए। इस दौरान अखिलेश यादव ने कार्यालय पर पहुंचे किन्नरों से भी आशीर्वाद लिया।