Lucknow University: अनुष्का को चांसलर तो अंशिका को मिलेगा वीसी गोल्ड मेडल, प्रतिष्ठित पदकों के लिए नाम तय

Lucknow University: परीक्षा नियंत्रक विद्यानंद त्रिपाठी ने बताया कि तीनों प्रतिष्ठित पदकों के लिए पदक निर्धारण समिति ने साक्षात्कार लिए गए थे। समिति ने सर्वसम्मति से प्रतिष्ठित पदकों के लिए नाम तय कर दिए।

Report :  Abhishek Mishra
Update: 2024-09-07 03:45 GMT

Lucknow University: लखनऊ विश्वविद्यालय में 67वें दीक्षांत समारोह के मद्देनजर प्रतिष्ठित पदकों के लिए नामों का ऐलान कर दिया गया है। 16 सितंबर को आयोजित होने वाले दीक्षांत में एमए मनोविज्ञान की छात्रा अनुष्का जैन को चांसलर गोल्ड मेडल, एमए लोक प्रशासन के विद्यार्थी आयुष चौहान को चक्रवर्ती गोल्ड मेडल फॉर सर्विस और वाइस चांसलर गोल्ड मेडल (एनसीसी) से छात्रा अंशिका तिवारी को नवाजा जाएगा। इस संबंध में परीक्षा नियंत्रक की ओर से आदेश जारी कर दिया गया है। 

प्रतिष्ठित पदकों के लिए नाम तय 

परीक्षा नियंत्रक विद्यानंद त्रिपाठी ने बताया कि तीनों प्रतिष्ठित पदकों के लिए पदक निर्धारण समिति ने साक्षात्कार लिए गए थे। समिति ने सर्वसम्मति से प्रतिष्ठित पदकों के लिए नाम तय कर दिए। जिसके बाद नामों की घोषणा की गई। बता दें कि दीक्षांत समारोह में कुल 196 पदकों का वितरण होगा। इसके लिए तैयारियां अंतिम चरण में हैं। 

कई राज्यों में शोज कर चुकी हैं अनुष्का

अनुष्का जैन को चांसलर गोल्ड मेडल दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि केशव नगर में रहती हूं। एलयू से मनोविज्ञान में एमए किया है। दिल्ली के एलएसआर कॉलेज से बीए ऑनर्स पढ़ी हूं। हाईस्कूल सेंट फिडिलस और इंटरमीडिएट लॉरेटो कॉन्वेंट से किया है। पिता डॉ. नीरज जैन एलयू में प्रोफेसर ऑफ एमिनेंट और माता डॉ. अल्पना बाजपेयी क्रिश्चियन कॉलेज में साइकोलॉजी की शिक्षिका हैं। मैंने लोगों की मदद करने के लिए साइकोलॉजी की पढ़ाई की है। कला और संस्कृति को बढ़ावा देना मेरा मुख्य कार्य है। मुझे कहानियां सुनाना, कविताएं लिखना और संगीत सुनना बेहद पसंद है। देश के कई राज्यों में जाकर शो कर चुकी हूं। इंस्टाग्राम पर ‘द टिकिंग पेन’ नाम से पेज बना रखा है। जिस पर डेढ़ लाख से अधिक फॉलोवर हैं। 

सिविल सेवा की तैयारी कर रहे आयुष

चक्रवर्ती गोल्ड मेडल फॉर सर्विस के लिए आयुष चौहान को चुना गया है। उन्होंने बताया कि मूलत: प्रतापगढ़ के कुंडा का रहने वाला हूं। एलयू के हबीबुल्ला हॉल में रहता था। यहां से बीएससी गणित और एमए लोक प्रशासन की पढ़ाई की है। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की पढ़ाई चिन्मया विद्यालय एनटीपीसी ऊंचाहार रायबरेली से की। पिता जितेंद्र सिंह जेई और माता कृष्णा सिंह गृहिणी हैं। अभी सिविल सेवा की तैयारी कर रहा हूं। आगे चलकर आईएएस बनने का लक्ष्य है। भविष्य में एक एसोसिएशन बनाकर रेप पीड़िताओं की पढ़ाई लिखाई और भरण-पोषण का कार्य करने का इरादा है। 

महिला सुरक्षा पर ध्यान की जरूरत- अंशिका

दीक्षांत में अंशिका तिवारी को वाइस चांसलर गोल्ड मेडल दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि गोमती नगर में रहती हूं। एलयू से बीकॉम कर रही हूं। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की पढ़ाई छत्तीसगढ़ के रायपुर से किया है। सीडीएस की तैयारी कर रही हैं। रक्षा क्षेत्र में जाना है। पिता बृजेश कुमार तिवारी यूपी पुलिस में एसएचओ और माता शिशु तिवारी गृहिणी हैं। मेरा मानना है कि देश में महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देना चाहिए। महिला सुरक्षा को लेकर अधिक ध्यान देने की जरूरत है। छात्राओं को आत्मरक्षा के तौर तरीके भी सिखाने चाहिए। 

Tags:    

Similar News