UP Congress: आकाश आनंद को वाई सुरक्षा मिलने पर भड़की कांग्रेस, अजय राय बोले- बसपा को मिला इनाम

अजय राय ने कहा कि हर बार यह सिद्ध हो रहा है कि बसपा भाजपा की बी टीम है। सिर्फ भाजपा को फायदा पहुंचाने के लिए बसपा काम कर रही है। उन्होंने बताया कि राज्यसभा चुनाव के बाद मैने प्रेसवार्ता में कहा था कि भाजपा और बसपा में एक आन्तरिक गठजोड़ है।

Report :  Abhishek Mishra
Update: 2024-03-02 12:00 GMT

UP Congress: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने केंद्र द्वारा आकाश आनंद की दी गई सुरक्षा को बसपा के लिए इनाम बताया। केंद्र सरकार ने कल बसपा सुप्रीमो मायावती के भतीजे आकाश आनंद को वाई श्रेणी सुरक्षा देने का ऐलान किया था। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने हाल में हुए राज्यसभा चुनाव में बसपा का वोट भाजपा प्रत्याशी को मिलने की बात कही।

भाजपा को वोट देने का मिला इनाम

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने शनिवार को केंद्र सरकार और बसपा सुप्रीमो मायावती पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बसपा सुप्रीमो के उत्तराधिकारी को वाई सुरक्षा के रूप में इनाम दिया गया है। राज्यसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी को वोट देने के लिए केंद्र की ओर से आकाश आनंद को यह सुरक्षा दी गई है।

भाजपा की बी टीम है बसपा

अजय राय ने कहा कि हर बार यह सिद्ध हो रहा है कि बसपा भाजपा की बी टीम है। सिर्फ भाजपा को फायदा पहुंचाने के लिए बसपा काम कर रही है। उन्होंने बताया कि राज्यसभा चुनाव के बाद मैने प्रेसवार्ता में कहा था कि भाजपा और बसपा में एक आन्तरिक गठजोड़ है। जिसका उपयोग भाजपा चुनाव में विपक्ष को कमजोर करने के लिए करती है। उन्होंने कहा कि 2022 के चुनाव के अगर बसपा प्रत्याशियों की सूची निकाल कर देखी जाये तो मेरी बात स्पष्ट हो जायेगी।

दलितों के खिलाफ बढ़े अत्याचार

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि देश आज नाजुक दौर से गुजर रहा है। केंद्र में ऐसी फासीवादी सोच वाली ताकतें हैं जो संविधान को बदलने की सोच रखती हैं। व्यक्तिगत हितों के लिए जो दल ऐसी सोच के साथ मिल गए हैं उन्हें दलितों और वंचितों की बात नहीं करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अपराध रिकार्ड ब्यूरो की रिपोर्ट के अनुसार दलितों के खिलाफ अत्याचार पिछले वर्षों की तुलना में कई गुना बढ़ गये हैं।

Tags:    

Similar News