Lucknow: KGMU के गांधी वार्ड में फंदे से लटकता मिला महिला स्टाफ का शव, मचा हड़कंप

Lucknow: केजीएमयू के गांधी वार्ड स्थित वार्ड नंबर 6 में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया। जब आया के पद पर तैनात महिला का शव फांसी के फंदे से लटका हुआ मिला।

Update: 2024-04-24 06:27 GMT

लखनऊ के केजीएमयू के गांधी वार्ड में फंदे से लटकता मिला महिला स्टाफ का शव (न्यूजट्रैक)

Lucknow News: राजधानी के किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी के गांधी वार्ड में बुधवार को संदिग्ध परिस्थतियों में महिला स्टाफ का फांसी से लटकता शव मिलने के बाद सनसनी फैल गयी। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के साथ पहुंची फॉरेसिंक टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्रित किया है। बताया जा रहा है महिला गांधीवार्ड में वार्ड आया के पद पर तैनात थी।

मिली जानकारी के अनुसार केजीएमयू के गांधी वार्ड स्थित वार्ड नंबर 6 में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया। जब चेंजिंग रूम में आउटसोर्सिंग के तहत आया के पद पर तैनात महिला का शव फांसी के फंदे से लटका हुआ मिला। शिफ्ट चेंज होने के दौरान जब स्वास्थ्य कर्मी गांधी वार्ड पहुंचे तो महिला का शव फंदे से लटकते देख सन्न रह गये। स्वास्थ्य कर्मियों ने घटना की जानकारी केजीएमयू प्रशासन को दी।

बताया जा रहा है कि महिला की नाइट शिफ्ट में ड्यूटी लगी थी। महिला के परिवार के अन्य सदस्य भी केजीएमयू में ही कार्यरत हैं। घटना की जानकारी होने पर पुलिस के आलाधिकारी मौके पर पहुंच गये और शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक महिला ने फांसी लगायी है या फिर उसकी हत्या की गयी है। इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से छानबीन कर रही है।

Tags:    

Similar News