Lucknow Bulldozer Action: पंत नगर की महिलाओं ने घर बचाने को चुना महात्मा गांधी का मार्ग, किया शांति प्रदर्शन

Lucknow Bulldozer Action: पंतनगर फेज 2 में रहने वाली महिलाओं ने महात्मा गांधी के अहिंसा का मार्ग अपनाया है। इन कॉलोनियों में रहने वाली महिलाओं ने सोमवार को महात्मा गांधी के तीन बंदर के तर्ज पर शांति प्रदर्शन किया।

Update: 2024-07-15 07:19 GMT

पंत नगर की महिलाओं ने घर बचाने को चुना महात्मा गांधी का मार्ग (आशुतोष त्रिपाठी)

Lucknow Bulldozer Action: राजधानी लखनऊ में गोमती की सहायक कुकरैल नदी के सौन्दर्यीकरण को लेकर अब रहीम नगर, पंत नगर, इंद्रप्रस्थ नगर और अबरार नगर में मकानों पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई जल्द ही शुरू होनी है। इन चारों जगहों पर लगभग 2000 मकानों का ध्वस्तीकरण किया जाना है। जिसके लिए सर्वे भी शुरू हो चुका है और अवैध मकानों को तोड़ने के लिए उन पर लाल निशान भी लगा दिया गया है।

इससे पूर्व अकबरनगर में ध्वस्तीकरण का कार्य किया गया था। पंत नगर में लखनऊ विकास प्राधिकरण की ओर से मकानों पर लाल निशान लगने के बाद स्थानीय निवासियों को अपना आशियाना खोने का डर सताने लगा है। चारों जगहों की कॉलोनियों में रहने वाले लोगों में भय का माहौल है। लोगों डर के साये में जी रहे हैं कि अब उनके सिर से छत छीन जाएगी। जिन लोगों के घरों पर लाल निशानलगाया गया है। वहां हरसंभव प्रयास कर रहे हैं कि उनके मकानों को न तोड़ा जाए। उन्होंने अपने घरों के बाहर रजिस्ट्री की कॉपी चस्पा की है।


वहीं अब पंतनगर फेज 2 में रहने वाली महिलाओं ने महात्मा गांधी के अहिंसा का मार्ग अपनाया है। इन कॉलोनियों में रहने वाली महिलाओं ने सोमवार को महात्मा गांधी के तीन बंदर के तर्ज पर शांति प्रदर्शन किया। महिलाओं ने मुंह, कान, आंख पर हाथ रख शांति प्रदर्शन किया और सरकार से अपने घरों को न तोड़ने की गुहार लगायी है। महिलाओं ने अपने-अपने घरों की रजिस्ट्री भी दिखायी।


शांति प्रदर्शन के दौरान महिलाओं के चेहरे पर मायूसी साफ दिखायी दे रही थी। शांति प्रदर्शन कर रही महिलाओं का कहना है कि किसी भी कीमत पर अपना घर टूटने नहीं देंगे। उल्लेखनीय है कि पंत नगर में एलडीए और सिंचाई विभाग ने लगभग 800 मकानों पर लाल निशान लगाया है। इससे पूर्व बीते दिनों पंत नगर में रहने वाले बच्चों ने भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अपने घरों को बचाने के लिए गुहार लगायी थी। बच्चों ने कहा था कि उनका घर न तोड़े। वरना वह कहां जायेंगे। कैसे रहेंगे और पढ़ाई कैसे करेंगे। 


रहीमनगर में लोगों ने घरों के बाहर लगाया पोस्टर

रहीम नगर में जिन लोगों के घरों को अवैध ठहराते हुए एलडीए ने लाल निशान लगाया है। उन लोगों ने इस विरोध जताते हुए अपने घरों के बाहर एक पोस्टर लगाया है। जिस पर लिखा है कि सरकार से हम सभी का एक ही सवाल है। अगर हमारे मकान अवैध हैं तो हमारा वोटर आईडी कार्ड भी अवैध है। हमारे द्वारा दिया गया मत भी अवैध है इसलिए हमारे क्षेत्र के पार्षद, विधायक, सांसद और हमारे द्वारा चुने गये मुख्यमंत्री भी अवैध है। इलेक्शन कमीशन इस मामले को संज्ञान में ले और इन सभी की सदस्यता खत्म करके पुनः चुनाव करवाए।

Tags:    

Similar News